राष्ट्रीय

वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेजे, संदिग्ध आतंकी के घर से जैश के झंडे मिले

Jaish E Mohammed: गुजरात एटीएस की गिरफ्त में आए जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी ने वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेजे थे। उसके घर से जैश के झंडे, किताबें और अन्य संदिग्ध सामग्री मिली है।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 5:24 PM IST
Jaish E Mohammed
गुजरात एटीएस की गिरफ्त में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध आतंकी। फोटो- पत्रिका

Vadodara Air Force Station: गुजरात एटीएस की गिरफ्त में आए जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध आतंकी से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। आरोपी ने वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन के गेट की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर तक पहुंचाए थे। एटीएस को उसके घर की तलाशी में जैश के झंडे, कई किताबें और आतंकी संगठन से जुड़ी सामग्री मिली है। आरोपी के मोबाइल से भी कई ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के साथ उसके संपर्क का पता चला है।

असम का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन मूल रूप से असम का रहने वाला है। उसे गुजरात में आतंकी हमले की योजना के आरोप में हालोल-वडोदरा हाईवे से पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एके-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। जांच एजेंसी का आरोप है कि वह वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने के इरादे से वहां पहुंचा था। एटीएस ने आरोपी का मोबाइल फोन खंगाला तो व्हाट्सएप और गैलरी में एयरफोर्स स्टेशन के गेट की तस्वीरें और वीडियो मिले।

जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर के संपर्क में था

इसके अलावा एके-47 जैसी स्वचालित राइफल चलाने की ट्रेनिंग से जुड़े वीडियो भी मिले हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले एक साल से पाकिस्तान में बैठे जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर के संपर्क में था। यह हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के नाम से पहचाना गया है। जांच में यह भी पता चला कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर ने आरोपी को नया मोबाइल खरीदने के लिए 50 हजार रुपए दिए थे। एटीएस को आरोपी के घर से जैश-ए-मोहम्मद के झंडे, मसूद अजहर की किताब और लेख मिले हैं।

संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ भी ली

आरोपी उत्तर प्रदेश के देवबंद मदरसे में पढ़ाई कर चुका है। जांच एजेंसी को यह भी शक है कि वह इस्लामिक मूवमेंट से जुड़ा हुआ था। जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने से पहले उसने संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ भी ली थी। एटीएस के अनुसार, आरोपी की योजना वारदात को अंजाम देने के बाद पाकिस्तान भागने और वहां जैश-ए-मोहम्मद के संगठन में शामिल होने की थी। वह संगठन के लिए लड़ते हुए जान देने का इरादा भी रखता था। शुक्रवार को उसे वाघोडिया कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से अदालत ने 14 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की। एटीएस अब आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट, डाक और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि उसे पाकिस्तान से किस तरह निर्देश मिल रहे थे और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Updated on:
28 Nov 2026, 5:24 PM IST
Published on: