राष्ट्रीय

गुजरात स्थानीय निकाय चुनाव: आज सुबह 7 बजे से होगी वोटिंग, 9263 सीटों के मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी। इस बार कुल 9263 सीटों पर मतदान होगा।

2 min read
Apr 26, 2026
election 2026
सांकेतिक इमेज

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए कुल 10005 सीटों में से 9263 पर रविवार को यानी कि आज मतदान होगा। इस चुनाव में 4.08 करोड़ से अधिक मतदाता प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक EVM से होगा। इस प्रक्रिया में 2.64 लाख मतदान कर्मी शामिल रहेंगे और सुरक्षा के लिए 92,583 पुलिस जवान तैनात होंगे।

48,450 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग

गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए राज्य चुनाव आयोग ने 48,450 मतदान केंद्र बनाए हैं। इसमें से 14,275 संवेदनशील और 2,196 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उपद्रव एवं धांधली करने वालों के लिए चुनाव आयोग ने कड़े इंतजाम किए हैं।

निकाय चुनाव की सीटों का ब्योरा

  • महानगरपालिका (15): कुल 1044 सीटें, 43 निर्विरोध (सभी भाजपा कैंडिडेट), अब 1001 पर होगा मतदान।
  • नगरपालिका (84): कुल 2624 सीटें, 385 निर्विरोध (370 भाजपा, 12 कांग्रेस, 3 अन्य), अब 2239 पर होगा मतदान।
  • जिला पंचायत (34): कुल 1090 सीटें, 52 निर्विरोध (भाजपा), अब 1038 पर होगा मतदान।
  • तहसील पंचायत (260): कुल 5234 सीटें, 252 निर्विरोध (भाजपा), अब 4976 पर मतदान।
  • 11 नगरपालिकाओं के उपचुनाव: 13 सीटें, 4 निर्विरोध (भाजपा), अब 9 पर मतदान।

राजनीतिक समीकरण

मतदान से पहले भाजपा के खाते में 717 सीटें आ चुकी हैं। वहीं, कांग्रेस को 12 और अन्य को 3 सीटें मिली हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है, जबकि आम आदमी पार्टी और AIMIMभी कई जगहों पर चुनौती दे रही हैं। कई सीटों पर त्रिकोणीय और बहुकोणीय संघर्ष देखने को मिलेगा। बता दें कि इस बार 9 नई महानगरपालिकाओं और 7 नई नगरपालिकाओं में पहली बार चुनाव हो होगा। इसके अलावा OBC आरक्षण के संशोधित नियमों और SIR प्रक्रिया के बाद पहली बार वोटिंग होगी। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की भर्ती और स्थानीय प्रशासनिक ढांचे पर इन चुनावों का सीधा असर होगा।

Published on:
26 Apr 2026 04:55 am