राष्ट्रीय

‘गोलियां चलीं, सिर फोड़े गए, AAP के 250 नेताओं पर FIR’: गुजरात चुनाव पर गोपाल राय ने लगाए गंभीर आरोप

आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने कहा कि गुजरात में हमारे 250 से अधिक उम्मीदवारों और नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गईं। लोगों को जेल भेजा गया, सिर फोड़े गए, गोलियां चलाई गईं।

2 min read
Gopal Rai
Gopal Rai

Gujarat Nikay Chunav Results: गुजरात में संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी का दबदबा रहा है। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में वोटरों ने सत्ताधारी पक्ष पर भरोसा जताया है। इसी बीच आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के उम्मीदवारों पर हमला गया और धमाया गया। हमारे प्रत्याशियों को चुनाव के लिए प्रचार प्रसार भी नहीं करने दिया गया।

AAP के 250 नेताओं पर FIR

गोपाल राय ने कहा कि गुजरात में हमारे 250 से अधिक उम्मीदवारों और नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गईं। लोगों को जेल भेजा गया, सिर फोड़े गए, गोलियां चलाई गईं और इन सबके बावजूद, आम आदमी पार्टी के 5,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में डटे रहे और उन्हें प्रचार करने की अनुमति नहीं दी गई। लेकिन सबसे उत्साहजनक बात यह है कि मैं गुजरात की जनता को उन सीटों पर उनके द्वारा दिखाए गए साहसी संघर्ष के लिए बधाई देना चाहता हूं, जहां उन्होंने चुनाव लड़ा।

आप ने बीजेपी का डटकर किया मुकाबला

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी भाजपा के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करते हुए, जिन क्षेत्रों में उसने चुनाव लड़ा, वहां दूसरे नंबर की पार्टी के रूप में उभरी है। आम आदमी पार्टी ने अब तक लड़ी गई सीटों में से 380 सीटें जीती हैं। हमने कई जिला पंचायत सीटों पर बहुमत हासिल किया है। हमने कई तालुका पंचायत सीटों पर बहुमत हासिल किया है। मतगणना प्रक्रिया जारी है।

400 का आंकड़ा पार करेगी आप

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब तक 331 सीटें जीतकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। आम आदमी पार्टी ने पिछले स्थानीय निकाय चुनावों की तुलना में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पिछली बार, हमने केवल 69 सीटें जीती थीं, लेकिन इस बार, हमने पहले ही 380 सीटें जीत ली हैं। मुझे उम्मीद है कि आम आदमी पार्टी गुजरात में 400 का आंकड़ा पार कर जाएगी।

कुल 192 सीटों पर जारी मतगणना

अहमदाबाद नगर निगम की 48 वार्डों की 192 सीटों के लिए मतगणना जारी है। इनमें से दो सीटें पहले ही भाजपा के खाते में बिना मुकाबले चली गई थीं। वासना और थलतेज की एक-एक सीट पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं। इस चुनाव में भाजपा ने 190 उम्मीदवार उतारे थे, जबकि कांग्रेस ने 185 प्रत्याशी मैदान में उतारे। आम आदमी पार्टी ने भी 151 उम्मीदवारों के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, लेकिन अब तक के रुझानों में उसका असर सीमित ही नजर आ रहा है।

Updated on:
28 Apr 2026 05:20 pm
Published on:
28 Apr 2026 04:51 pm