राष्ट्रीय

Jantar Mantar Protest: 2 अक्टूबर को सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन की मिली अनुमति? दिल्ली पुलिस ने क्या कहा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई में प्रदर्शन की तैयारी है। SIR को लेकर विपक्ष चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
2 min read
• •
Updated: 29 Sep 2026, 10:39 AM IST
gyanesh kumar
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Photo: IANS)

Protest Against Gyanesh Kumar: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर अभी दिल्ली पुलिस की अनुमति नहीं मिली है। समचार एजेंसी ANI ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से मंगलवार को बताया कि प्रदर्शन के लिए अब तक कोई भी अनुमति जारी नहीं की गई है। दरअसल, यह प्रदर्शन SIR को लेकर विपक्ष और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा किया जाना था।

बता दें कि आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को लोगों से 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। विपक्ष के अन्य दलों और संगठनों के भी इस प्रदर्शन में शामिल होने या अलग से प्रदर्शन करने की संभावना है।

मुंबई में भी प्रदर्शन का ऐलान

इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 2 अक्टूबर को मुंबई में जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया है। यह आंदोलन शिवाजी पार्क में होगा।

दीपके ने पहले दावा किया था कि मुंबई पुलिस ने CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बाद उन्होंने गांधी जयंती के दिन 'जेल भरो आंदोलन' शुरू करने की घोषणा की।

हालांकि, मुंबई पुलिस ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि 2013 के बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के कारण पुलिस शिवाजी पार्क में सभा की अनुमति देने के लिए अधिकृत नहीं है। 

पुलिस के मुताबिक, शिवाजी पार्क 'साइलेंस जोन' में आता है। प्रदर्शन के आवेदक अजिंक्य शिंदे को मुंबई में किसी वैकल्पिक स्थान की तलाश करने और वहां अनुमति के लिए आवेदन करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा कि आवेदन मिलने पर उस पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।

CJP ने इससे पहले घोषणा की थी कि अगर ज्ञानेश कुमार CEC पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो 2 अक्टूबर को मुंबई से राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा और इसे देश के दूसरे शहरों तक ले जाया जाएगा।

25 सितंबर को अभिजीत दीपके ने कहा था कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं तो CJP 2 अक्टूबर से मुंबई से अपना आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने गांधी जयंती को लोकतंत्र बचाने के संकल्प का दिन बनाने की अपील की थी।

आदित्य ठाकरे ने भी समर्थन दिया

शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार पद पर बने रहते हैं तो 2 अक्टूबर से मुंबई में 'वोट चोरी' के मुद्दे पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरेंगे।

कांग्रेस ने भी तेज किया अभियान

चुनाव आयोग और SIR को लेकर विपक्ष का विरोध लगातार तेज हो रहा है। कांग्रेस ने सोमवार को देश के कई राज्यों की राजधानियों और जिलों में प्रदर्शन किए। पार्टी इस मुद्दे पर विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश भी कर रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे पर गंभीरता से लड़ाई लड़ेगी। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा होनी है।

Updated on:
29 Sep 2026, 10:39 AM IST
Published on: