
SIR Controversy: चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जारी विवाद के बीच पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार कम से कम पद्म भूषण सम्मान के हकदार हैं। भट्टाचार्य ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता मुख्य चुनाव आयुक्त के काम से खुश है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के भीतर भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के काम की तारीफ करते हुए कहा कि वह कम से कम पद्म भूषण सम्मान के हकदार हैं। भट्टाचार्य ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय बाद ऐसा चुनाव देखने को मिला, जिसमें डराने-धमकाने की कोशिशें कामयाब नहीं हुईं। उनके मुताबिक, चुनाव के दौरान हत्या की कोई घटना नहीं हुई और लोगों को स्वतंत्र रूप से वोट डालने का मौका मिला। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीमा से सटे पश्चिम बंगाल में ज्ञानेश कुमार ने वोटर लिस्ट से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की पहल की। भट्टाचार्य के अनुसार, राज्य की जनता मुख्य चुनाव आयुक्त के काम का पूरा समर्थन करती है।
दूसरी ओर, चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विवाद जारी है। इस बीच अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। दीपके ने कहा कि अगर तय समय के भीतर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो CJP देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ज्ञानेश कुमार के पद छोड़ने तक उनका संगठन पीछे नहीं हटेगा।
इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की थी। राहुल गांधी ने दावा किया कि चुनाव आयोग के ही दो आयुक्तों ने ज्ञानेश कुमार पर वोटिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की जिम्मेदारी का आरोप लगाया है। उन्होंने तुरंत इस्तीफे की मांग की है।