राष्ट्रीय

हरियाणा CM नायब सैनी ने केजरीवाल पर साधा निशाना, बोले- पंजाब के किसान ढूंढ रहे हैं, मान सरकार ने 5 साल में सिर्फ चुटकुले सुनाए

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पराली जलाने के मुद्दे पर पंजाब की भगवंत मान सरकार और अरविंद केजरीवाल को घेरा। उन्होंने हरियाणा सरकार के पराली प्रबंधन के प्रयास गिनाते हुए पंजाब सरकार पर किसानों के लिए कुछ नहीं करने का आरोप लगाया।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 7:00 PM IST
Haryana CM Nayab Singh Saini
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने AAP पर साधा निशाना (Photo-IANS)

Punjab Politics: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पराली का मुद्दा एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है। अब इस मुद्दे पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पंजाब सीएम भगवंत मान और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, तब वे हरियाणा और पंजाब के किसानों पर पराली जलाने को लेकर आरोप लगाते थे। उनका कहना था कि दोनों राज्यों के किसान पराली जलाकर दिल्ली में प्रदूषण फैलाते हैं। इस तरह के बयानों से उन्होंने हरियाणा और पंजाब के किसानों का अपमान किया।

सीएम नायब सिंह सैनी ने दावा किया कि हरियाणा सरकार ने पराली प्रबंधन के लिए बड़े स्तर पर काम किया है। किसानों को 1.5 लाख से अधिक कृषि उपकरण सब्सिडी पर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा, पराली नहीं जलाने वाले किसानों के बैंक खातों में सरकार की ओर से 1,200 रुपए प्रति एकड़ की दर से सीधे आर्थिक सहायता दी जा रही है।

पराली किसानों के लिए आय का जरिया- सैनी

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को समझाया है कि पराली कोई कचरा नहीं, बल्कि कमाई का जरिया है। किसान इसे बेचकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। सरकार ने इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं और विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास किया है।

केजरीवाल कहां गए, पंजाब के किसान कर रहे तलाश

इस दौरान सीएम नायब सैनी ने पंजाब सरकार पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पंजाब में पांच साल बीत गए, लेकिन वहां से सिर्फ चुटकुले सुनने को मिल रहे हैं। चुटकुलों से समस्याओं का समाधान नहीं होता। उन्होंने सवाल किया कि अरविंद केजरीवाल कहां चले गए हैं? पंजाब के किसान उन्हें तलाश रहे हैं।

इस दौरान हरियाणा सीएम ने भगवंत मान से भी जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि मान ने किसानों के कल्याण के लिए काम करने का वादा किया था, लेकिन अब उन्हें बताना चाहिए कि पांच साल में किसानों के लिए क्या किया गया। केवल चुटकुले सुनाने से लोगों का पेट नहीं भरता।

अगली फसल की तैयारी के लिए मजबूरन जलाते हैं पराली

नायब सैनी ने कहा कि किसान अगली फसल की बुवाई के लिए खेत तैयार करने की मजबूरी में पराली जलाते हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह किसानों को पराली प्रबंधन के लिए जरूरी सुविधाएं और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने के बजाय केवल मजाक और चुटकुलों तक सीमित है।

दो महीने बाद सत्ता से बाहर होगी मान सरकार: सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब सरकार के पास अब केवल दो महीने का समय बचा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता मौजूदा सरकार से बेहद नाराज और परेशान है। जनता का असंतोष आने वाले समय में सरकार को सत्ता से बाहर कर देगा।

Published on:
Also Read
View All