राष्ट्रीय

Congress Rally: 1 नवंबर की रैली में हरियाणा से उमड़ेगी सबसे ज्यादा भीड़, दीपेंद्र हुड्डा ने किया बड़ा दावा

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर हरियाणा में तैयारियां तेज हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि रैली में हरियाणा से सबसे ज्यादा लोग शामिल होंगे। उन्होंने भाजपा पर रैली रोकने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया।
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 4:40 PM IST
Haryana Congress
कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने बताया हरियाणा से आएंगे सबसे ज्यादा लोग (Photo-IANS)

Haryana Congress: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को विपक्ष की महारैली आयोजित होगी। इस रैली को सफल बनाने के लिए हरियाणा कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के आवास पर नेताओं की बैठक हुई। बैठक में रैली की तैयारियों और हरियाणा से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक के बाद कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने दावा किया कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि इस रैली में देशभर से लाखों लोग शामिल होंगे और हरियाणा से सबसे ज्यादा लोग पहुंचेंगे। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस की ओर से यह चुनौती दी जा रही है कि किसी भी राज्य से सबसे ज्यादा भागीदारी हरियाणा की होगी।

भाजपा पर रैली रोकने की कोशिश का आरोप

कांग्रेस सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी इस रैली को रोकने के लिए चौबीसों घंटे प्रयास कर रही है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि भाजपा की तमाम कोशिशों के बावजूद रैली में रिकॉर्ड संख्या में लोग पहुंचेंगे।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि रैली में लोगों की भागीदारी रोकने के सभी प्रयास विफल होंगे। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा कांग्रेस राहुल गांधी के आह्वान को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही है।

INDIA गठबंधन की सामूहिक पहल

दीपेंद्र हुड्डा ने स्पष्ट किया कि रामलीला मैदान में होने वाली यह रैली INDIA गठबंधन का सामूहिक प्रयास है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि इसमें हरियाणा की भागीदारी सबसे अधिक रहेगी। पार्टी नेताओं के साथ हुई बैठक को इसी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।

हरियाणा से सबसे ज्यादा लोगों को जुटाने का दावा

वहीं पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह रैली केवल बड़ी नहीं, बल्कि एक मेगा रैली होगी। राहुल गांधी के आह्वान को सफल बनाने के लिए हरियाणा कांग्रेस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बैठक में मौजूदा और पूर्व विधायक तथा जिला अध्यक्ष शामिल हुए। सभी नेताओं ने रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है।

Updated on:
28 Oct 2026, 4:40 PM IST
Published on: