राष्ट्रीय

Heavy Rain Alert: 20 जून तक इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, IMD ने जारी किया रेड-ऑरेंज अलर्ट, जानें अपने क्षेत्र का हाल

Heavy Rain Alert: देशभर में मौसम ने करवट ली। तेज बारिश और आंधी के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए 6 दिनों तक आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

2 min read
Jun 16, 2025
Heavy rain expected in these states till 20 June (Photo - IANS)

Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में लगातार बदलते मौसम के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 20 जून तक झमाझम बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, दक्षिण और मध्य भारत के कई राज्य इसकी चपेट में रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में रेड और ऑरेंज अलर्ट भी घोषित किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम सुहाना, 6 दिन तक बारिश की संभावना

रविवार सुबह दिल्ली में मौसम ने करवट ली। तेज बारिश और आंधी के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए 6 दिनों तक आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 20°C दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में और गिरावट की संभावना है।

बिहार, राजस्थान में रेड अलर्ट

बिहार और राजस्थान में भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। खासकर उत्तर बिहार में 15 से 20 जून तक झमाझम बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है। वहीं राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश की संभावना है।

हरियाणा-पंजाब और पहाड़ी राज्यों में तेज हवाएं और बारिश

उत्तर भारत के हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 16 से 21 जून तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। 16 जून को उत्तरी हरियाणा में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। राजस्थान और हिमाचल के कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी

तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में 16 से 19 जून तक बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। केरल और माहे में अधिकतर स्थानों पर वर्षा हो सकती है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत पर भी असर

गुवाहाटी में अगले दो-तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि इससे जलजमाव, ट्रैफिक की रफ्तार में बाधा और कुछ संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन की आशंका है। इसके अलावा ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भी भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।

कोंकण, महाराष्ट्र, गुजरात में भारी बारिश का अनुमान

18 से 21 जून के बीच कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मानसून की सक्रियता के चलते इन क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित हो सकता है।

मानसून की चाल और अगले चरण

मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। 17 जून तक इसके रायपुर, छत्तीसगढ़ तक पहुंचने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Also Read
View All

अगली खबर