राष्ट्रीय

IMD Alert: अगले 48 घंटों में इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

देश के कई राज्यों में अगले 48 घंटों के लिए हल्की से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान कई जगहों पर तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

3 min read
Sep 28, 2025
Heavy rain alert by IMD

त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है और इसके साथ ही देश के कई राज्यों में अब मानसून की गति धीमी पड़ने लगी है। इससे बारिश कम हुई है और उत्तरी भारत के राज्यों में तो एक बार फिर से पारा चढ़ने लगा है। गर्मी के साथ साथ उमस ने भी लोगों को काफी परेशान कर रखा है। लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अभी मानसून पूरी तरह से नहीं गया है और देश के कई राज्यों में अगले 48 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट (Heavy Rain Alert) है। आइए जानते है कि देश के किन हिस्सों में अगले 48 घंटों में बारिश होने वाली है।

ये भी पढ़ें

Navratri Rain Alert: अगले 9 दिन भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में मानसून दिखाएगा असर

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 48 घंटों में होगी बारिश

उत्तर प्रदेश और राजस्थान से मानसून धीमा पड़ गया है, लेकिन इसके बावजूद इन राज्यों के कई जिलों में 48 घंटों में बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, मथुरा, हापुड़, आगरा, इटावा, कानपुर समेत 19 जिलों में आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में भी जाते हुए मानसून के साथ मौसम में उतार चढाव देखने को मिल रहा है। लेकिन मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार रविवार और सोमवार को राज्य के पूर्वी, दक्षिणी-पूर्वी व दक्षिणी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के क्षेत्र में बारिश हो सकती है। इसी के साथ आने वाले दिनों में उदयपुर एवं कोटा संभागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी है।

बिहार में 26 जिलों में अलर्ट

बिहार में मानसून के जाते जाते भी अगले 48 घंटों में कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज यानी रविवार के लिए प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दक्षिण और मध्य बिहार में रुक-रुककर बारिश होने और उत्तरी बिहार के कई इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है। राज्य में आज तामपान में अधिकतम बढ़ोतरी 2 से 3 डिग्री तक देखने को मिल सकती है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के लिए हल्की से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को मध्य प्रदेश के इंदौर संभाग के अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल और जबलपुर में भी हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है। छत्तीसगढ़ के भी कई जिलों में आज ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अनुसार, आज रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव और कबीरधाम समेत अन्य कई जिलों में आज हल्की से भारी बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश

महाराष्ट्र में अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं गुजरात में भी अगले 48 घंटों में तेज बारिश का अलर्ट है। इसमें भी उत्तर कोंकण और उत्तर-मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक भारी होने की चेतावनी दी गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में मध्य महाराष्ट्र, मुंबई और ठाणे में भारी बारिश की संभावना के जताई गई है। गुजरात में आज छोटा उदेपुर, नर्मदा, सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड,तापी, दमन एवं दादरा नगर एवं हवेली में भारी बारिश होने के आसार हैं। अहमदाबाद, गांधीनगर, बनासकांठा, पाटण, महेसाणा, पंचमहाल, आणंद, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश के साथ तेज हवाएं

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 सितंबर से लेकर 3 अक्टूबर तक बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में भी 1 तारीख से मानसून सक्रिय होने की संभावना है। असम और मेघालय की बात की जाए तो वहां सोमवार से बुधवार तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसी हफ्ते पूर्वोत्तर भारत के इन राज्यों में बहुत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। केरल, माहे, तेलंगाना और उत्तर आंतरिक कर्नाटक जैसे दक्षिण भारत के राज्यों में रविवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में तो इस पूरे हफ्ते तेज बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

Updated on:
29 Sept 2025 09:37 am
Published on:
28 Sept 2025 08:41 am
Also Read
View All

अगली खबर