राष्ट्रीय

महबूबा मुफ्ती ने हिजाब विवाद को महाभारत से क्यों जोड़ा? द्रौपदी और कौरवों से जोड़कर क्या कहने की कोशिश की…

Mehbooba Mufti on Hijab Controversy: महबूबा मुफ्ती ने हिजाब विवाद पर नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री गिरिराज पर तीखा हमला किया है। उन्होंने नीतीश कुमार से यह उम्मीद नहीं थी, कहते हुए महाभारत का जिक्र किया और कहा, "द्रौपदी मुसलमान नहीं थीं..."
3 min read
Dec 19, 2025
Mehbooba Mufti on hijab controversy
महबूबा ने राम राज्य के बजाय कौरव राज्य का जिक्र कर मंत्री गिरिराज सिंह पर तंज कसा (Photo-IANS)

Hijab Controversy: बिहार का हिजाब मामला पूरे देश में विवाद का कारण बना हुआ है। नीतीश कुमार का वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष के नेता BJP और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। एक के बाद एक नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इस कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है। हाल ही में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और BJP के केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की तीखी आलोचना की है।

महबूबा ने हिजाब विवाद को महाभारत से जोड़ा और कहा, महाभारत में भी द्रौपदी का चीरहरण हुआ था; उस समय भी लोग हंस रहे थे और तालियां बजा रहे थे। साथ ही महबूबा ने राम राज्य के बजाय कौरव राज्य का जिक्र कर मंत्री गिरिराज सिंह पर तंज कसा।

महबूबा ने राम राज्य के बजाय कौरव राज्य कहा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर टिप्पणी करते हुए महबूबा मुफ्ती ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। यहां सभी धर्मों का सम्मान किया जाना चाहिए। यह महात्मा गांधी का देश है, जिन्होंने इस देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे। महबूबा मुफ्ती ने अफसोस जताते हुए आगे कहा कि आज कुछ नेता इन मूल्यों से दूर जाते दिखाई दे रहे हैं।
महबूबा मुफ्ती ने गिरिराज सिंह पर हमला करते हुए कहा कि जब गिरिराज सिंह जैसे नेता विभाजनकारी बयान और आचरण अपनाते हैं और देश में नफरत फैलाने की कोशिश करते हैं, तो यह राम राज्य से ज़्यादा कौरव राज्य जैसा लगता है, जहां अन्याय हावी होता है और महिलाओं का अपमान और शोषण किया जाता है।

गिरिराज सिंह ने दिया था तर्क

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हिजाब मामले में नीतीश कुमार का बचाव करते हुए तर्क दिया था। उन्होंने महिला के द्वारा नौकरी स्वीकार करने के सवाल पर कहा था कि यह महिला पर निर्भर करता है कि वह सरकारी नौकरी को ठुकरा दे या जहन्नुम में जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने कुछ भी गलत नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई नियुक्ति पत्र लेने जा रहा है, तो क्या उसे अपना चेहरा नहीं दिखाना चाहिए? क्या यह कोई इस्लामिक देश है? साथ ही उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने एक अभिभावक की भूमिका निभाई है। साथ ही गिरिराज सिंह ने सवाल किया कि अगर आप पासपोर्ट बनवाने जाते हैं, तो क्या आप अपना चेहरा नहीं दिखाते? उन्होंने जोर देकर कहा कि यह हिंदुस्तान है, यहां पाकिस्तान का कानून नहीं चलेगा।

महिला डॉक्टर के हिजाब से शुरू हुआ विवाद

दरअसल यह विवाद एक मुस्लिम महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने से शुरू हुआ था। यह घटना मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई थी, जहां नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दे रहे थे। यह नियुक्ति पत्र लेने मुस्लिम महिला डॉक्टर भी आई थी। जब महिला अपना नियुक्ति पत्र लेने आई, तो नीतीश कुमार ने उसका हिजाब देखा और पूछा, ‘यह क्या है?’ और इसके बाद उन्होंने महिला का हिजाब हटाने की कोशिश की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और इसने एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।

कश्मीर का मुद्दा उठाया

महबूबा ने जम्मू-कश्मीर पर अपनी बात रखते हुए कहा कि 2019 से जम्मू-कश्मीर बेहद कठिन समय से गुजर रहा है। साथ ही उन्होंने अपने कामों का जिक्र करते हुए कहा कि PDP ने हमेशा लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने और उनकी जमीन की हिफाजत करने की कोशिश की है।
महबूबा ने आरोप लगाया कि लोगों की आवाज नहीं सुनी गई, इसलिए घरों को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हमारी जमीन पर हमारा अधिकार है। हम इसकी रक्षा करेंगे। इस मुद्दे को महबूबा मुफ्ती ने विधानसभा में भी रखा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाने की भी मांग की। साथ ही विधानसभा में पेश किए गए बिल पर पुनर्विचार करने की अपील भी की।

Updated on:
19 Dec 2025 08:57 pm
Published on:
19 Dec 2025 08:57 pm
Also Read
View All
चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान ने खोले चांद के राज़: मिट्टी में एल्युमिनियम कम, लोहा और मैग्नीशियम की मात्रा ज़्यादा

TMC: ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चल रही पार्टी’, चंद्रिमा भट्टाचार्य के इस्तीफे और ममता के टीएमसी प्रदेश अध्यक्ष बनने पर ऋतब्रत बनर्जी ने की टिप्पणी

अमरनाथ यात्रा 2026: वैध पंजीकरण वालों को ही मिलेगी यात्रा की अनुमति, LG मनोज सिन्हा का बड़ा फैसला

इस्तीफे के बाद भी नहीं टली पूर्व जज यशवंत वर्मा की मुसीबत, मानसून सत्र में संसद में पेश हो सकती है जांच रिपोर्ट

रिलायंस कैपिटल के पूर्व CFO अमित बापना को अब सीबीआई ने किया गिरफ्तार, 4 दिन की कस्टडी में भेजे गए