
Sukhvinder Singh Sukhu ADR Report: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। दरअसल, रिपोर्ट में सुक्खू को उत्तर भारत का सबसे अमीर सीएम बताया गया था।
बुधवार को मीडिया से बात करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि रिपोर्ट में जिन संपत्तियों का जिक्र किया गया है, उनका विवरण पिछले 20 सालों से उनके चुनावी हलफनामों में लगातार दर्ज है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई नई संपत्ति नहीं जोड़ी गई है।
सीएम सुखविंदर सिंह ने कहा कि पुरानी घोषणा को इस तरह पेश किया जा रहा है, मानो मैंने अचानक संपत्ति अर्जित कर ली हो। यह मेरी छवि धूमिल करने की राजनीतिक कोशिश है।
हिमाचल सीएम ने कहा कि हलफनामे में दर्ज संपत्ति का मूल्य वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार है, जबकि यह संपत्ति कई वर्ष पहले खरीदी गई थी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सीएम बनने के बाद उनकी व्यक्तिगत संपत्ति में बढ़ोतरी नहीं, बल्कि कमी आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद मेरी संपत्ति वास्तव में घटी है। इसका विवरण अगले चुनावी हलफनामे में सामने आ जाएगा।
संपत्ति के स्रोत पर उठ रहे सवालों को सीएम सुक्खू ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मैंने करीब 40 वर्षों की ईमानदार मेहनत से अपनी संपत्ति बनाई है। यदि किसी को संदेह है तो वह ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों से इसकी जांच करा सकता है।
उन्होंने कहा कि एक सामान्य परिवार का व्यक्ति भी मेहनत के दम पर संपत्ति बना सकता है। मुझे कुछ भी छिपाना नहीं है। इस दौरान उन्होंने राजनीतिक दल बदल के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपनी विचारधारा के प्रतिबद्ध नेताओं को ही महत्व देती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय टिकट नहीं मिलने पर भाजपा के कई नेता कांग्रेस से संपर्क करते हैं, लेकिन पार्टी व्यक्तिगत लाभ के लिए दल बदलने वालों में रुचि नहीं रखती।
मीडिया से बात करते हुए सीएम सुक्खू ने बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पार्टी अब भ्रष्टाचार और चुनावी फंडिंग से जुड़े विवादों का पर्याय बन चुकी है।
राहुल गांधी की शिक्षा व्यवस्था संबंधी टिप्पणी का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि देश को ऐसा शिक्षा मंत्री चाहिए जो छात्रों के भविष्य की रक्षा करे, न कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करे।