
Himachal Pradesh Assembly: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में गुरुवार को भारतीय सेना और राफेल डील को लेकर दिए गए बयान को लेकर जमकर हंगामा हआ। प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने बयान के लिए माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ भी गलत नहीं कहा है, जिसके लिए उन्हें माफी मांगनी पड़े। वहीं, मंत्री के रुख से नाराज बीजेपी विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया और उनसे माफी मांगने की मांग पर अड़े रहे।
बता दें कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान जगत सिंह नेगी ने बीजेपी की माफी की मांग पर सवाल उठाए। उन्होंने 18 नवंबर की विधानसभा कार्यवाही की एक प्रति भी सदन में पेश की। मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी बात सदन के भीतर ही रखी थी। अगर उनके बयान पर बीजेपी को आपत्ति थी तो उसी समय विरोध क्यों नहीं जताया गया? अब माफी की मांग क्यों की जा रही है?
इस दौरान मंत्री नेगी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने भारतीय सेना के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने सवाल किया कि जब उन्होंने कुछ गलत कहा ही नहीं तो वह माफी क्यों मांगें?
मंत्री की ओर से सदन में पेश किए गए दस्तावेज में राफेल डील को लेकर की गई उनकी टिप्पणियां दर्ज थीं। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि करीब 700 करोड़ रुपये की कीमत वाले विमान को 2,300 करोड़ रुपये में खरीदा गया। इसके अलावा उन्होंने कथित वित्तीय अनियमितताओं, बैंकों के एनपीए और 5 लाख करोड़ रुपये के कर्ज को बट्टे खाते में डालने जैसे मुद्दे भी उठाए थे।
उधर, बीजेपी विधायकों ने मंत्री के बयान को अनुचित बताते हुए सदन से वॉकआउट किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने जगत सिंह नेगी की टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई और मांग की कि आपत्तिजनक शब्दों को विधानसभा की कार्यवाही से हटाया जाए। बीजेपी का कहना है कि मंत्री को अपने बयान के लिए सदन में माफी मांगनी चाहिए।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना को लेकर मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणियों पर नाराजगी जताई थी। धर्मशाला में मीडिया से बातचीत के दौरान ठाकुर ने आरोप लगाया कि नेगी सदन के अंदर और बाहर लगातार गैरजरूरी बयान देते रहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि एक वरिष्ठ मंत्री को इस तरह की भाषा का इस्तेमाल क्यों करना चाहिए?
जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा में एक दिन पहले हुई चर्चा के दौरान नेगी ने राफेल डील पर सवाल उठाते हुए भारतीय सेना को लेकर गंभीर टिप्पणियां की थीं। उन्होंने कहा कि ये बयान विधानसभा की कार्यवाही में दर्ज हैं और विपक्ष इनका विरोध कर रहा है। विपक्ष की मांग है कि विधानसभा अध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि ऐसी टिप्पणियां सदन के आधिकारिक रिकॉर्ड में न रहें।
ठाकुर ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और वे चुनाव आयोग, प्रधानमंत्री, संविधान तथा ईवीएम जैसे संवैधानिक संस्थानों और व्यवस्थाओं के खिलाफ लगातार निरर्थक और अनुचित बयान देते रहते हैं।