राष्ट्रीय

हिमाचल के सोलन में लगी भीषण आग, आठ साल की मासूम जिंदा जली, छह घर जल कर हुए खाक

सोलन जिले के अर्की बाजार में रविवार रात एक दो मंजिला मकान में आग लग गई। यहा आग कुछ ही देर में पूरे इलाके में फैल गई और इसके चलते 6 घर जलकर खाक हो गए। इसकी चपेट में आने से एक आठ साल की बच्ची जिंदा जल गई और आठ लोग अभी भी लापता है।

2 min read
Jan 12, 2026
अर्की बाजार में लगी भीषण आग (फोटो - पत्रिका ग्राफिक्स)

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है। यहां अर्की बाजार में रविवार रात करीब ढाई बजे भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में आने से एक आठ साल की मासूम जिंदा जल गई और करीब आठ लोग अभी भी लापता है। इन लोगों में 2 महिलाओं और दो पुरुषों के अलावा चार बच्चे शामिल हैं। यह आग इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में आने से छह घर पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। आगजनी की इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

ये भी पढ़ें

Accident: शॉर्ट सर्किट से ट्रक में लगी आग, पिहानी पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

दो मंजिला मकान से शुरू हुई आग

जानकारी के मुताबिक यह आग बाजार में स्थित एक दो मंजिला रिहायशी मकान से शुरू हुई थी। इस मकान की निचली मंजिल पर एक दुकान है और ऊपर वाली मंजिल पर नेपाल और बिहार से आए मजदूर रहते हैं। इस मकान में आग लगने के बाद आसपास की दुकानों में आग फैलने लगी। कुछ ही देर में पूरा इलाका धुएं और आग की लपटों में घिर गया। इस आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसकी चपेट में आने से छह घर पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। इसके अलावा कई दुकानों को भी इस आग के चलते नुकसान हुआ है।

आग की चपेट में आए कई LPG सिलेंडर

खबरों के अनुसार, आग फैलते समय कई LPG सिलेंडर इसके संपर्क में आकर फटने लगे। एक के बाद एक कई सिलेंडर फटने से हालात बेकाबू हो गए और आग काफी ज्यादा फैल गई। सिलेंडर के धमाकों की आवाज से दूर तक सनसनी मच गई। डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंची। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक काफी ज्यादा नुकसान हो चुका था। कई दुकानें और मकान पूरी तरह से जल चुके थे और लाखों रुपये का सामान भी खाक हो गया था।

घटना के कारणों की जांच कर रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक संजय अवस्थी देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस लापता लोगों की तलाश में जुट गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अवस्थी ने आगे कहा, राहत और बचाव कार्य रात से लगातार जारी हैं। घटनास्थल से मलबा तेजी से हटाया जा रहा है, ताकि लापता लोगों के बारे में जल्दी पता चल सके। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक फैल गया है।

Published on:
12 Jan 2026 11:29 am
Also Read
View All

अगली खबर