राष्ट्रीय

Haryana: 100 से अधिक महिलाओं के साथ रेप करने वाले जलेबी बाबा की मौत, हिसार जेल में था बंद

Hisar: जलेबी बाबा जेल में रहते हुए कई दिनों से बीमार चल रहा था। जेल में ही रहते उसका अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से उपचार चल रहा था।

2 min read
May 09, 2024

अपने आश्रम में 100 से ज्यादा महिलाओं को नशीली चाय पिलाकर उनका रेप करने वाला टोहाना के अमरपुरी उर्फ जलेबी बाबा उर्फ बिल्लू (49) की मंगलवार रात मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को जेल नंबर दो में उसे हार्ट अटैक आया जिसके बाद बिल्लू को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

आश्रम से बरामद हुआ था आपत्तिजनक सामग्री का भारी जखीरा

बता दें कि साल 2017 में वह पूरे देश में सुर्खियों में आया जब उस पर सौ से अधिक महिलाओं ने उपचार और प्रवचन के दौरान नशीली दवाई मिलाकर चाय पिलाने एवं बेसुध होने पर उनके साथ दुष्कर्म करने का आरोप जड़ा था। बाद में मामले की जांच हुई तो आश्रम से आपत्तिजनक सामग्री का भारी जखीरा मिला था।

नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 14 साल की सजा काट रहा था जलेबी

अमरपुरी मूलरूप से पंजाब के मानसा का रहने वाला था। वर्षों पहले वह टोहाना में जलेबी की रेहड़ी लगाता था। बाद में बाबा बन गया और आश्रम बना लिया। अक्टूबर, 2017 में टोहाना स्थित जलेबी बाबा के आश्रम में महिला श्रद्धालुओं के आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया था। पिछले वर्ष 10 जनवरी को फतेहाबाद कोर्ट ने जलेबी बाबा को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 14 साल की सजा सुनाई थी।

कई दिनों से बीमार चल रहा था जलेबी बाबा

जेल अधिकारियों के मुताबिक,  जलेबी बाबा जेल में रहते कई दिनों से बीमार चल रहा था। जेल में ही रहते उसका अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से उपचार चल रहा था। जेल प्रशासन के अनुसार, मंगलवार दोपहर को अमरपुरी उर्फ जलेबी बाबा को सीने में तकलीफ हुई थी। उसे जेल से पहले हिसार के जिला नागरिक अस्पताल और फिर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

शाम तक उसे सेहत में सुधार होने पर वापस जेल लाया गया था। बताया जा रहा है कि रात को अमरपुरी को अपनी बैरक में रहते फिर से सीने में दर्द हुआ। उसे अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आजाद नगर थाना पुलिस ने मजिस्ट्रेट की उपस्थित में डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी करवाई गई।

Also Read
View All

अगली खबर