
भारतीय जनता पार्टी साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अकेले दम पर ताल ठोकेगी। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि राज्य में एकबार फिर भारतीय जनता पार्टी का अकाली दल के साथ गठबंधन हो सकता है, लेकिन पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय नितिन नवीन संग बैठक के बाद कहा, 'हमने पंजाब की राजनीति पर चर्चा की। यह बहुत अच्छी बैठक थी। पंजाब के लिए हमारा एकमात्र एजेंडा विकास है। हम सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे; अभी गठबंधन की कोई बात नहीं है। हम पंजाब में भाजपा की सरकार बनाएंगे।'
भाजपा नेता परमिंदर सिंह बरार ने पंजाब भाजपा नेताओं की बैठक पर कहा कि पार्टी राज्य की सभी 117 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी। किसी भी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं होगा। हमारा संदेश राज्य की जनता के लिए साफ है। हम अपना विजन, एजेंडा और दूसरे राज्यों के रिपोर्ट कार्ड पंजाब की जनता के सामने रखेंगे और उनका दिल जीतेंगे।
उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार और सीएम भगवंत मान पर राज्य को गिरवी रखने का आरोप लगाया है। बरार ने कहा कि यहां जब पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी अपनी सुरक्षा का क्या उम्मीद कर सकता है। उन्होंने कहा कि मैं सीएम मान से कहना चाहता हूं कि उनके पास सिर्फ 4 महीने बचे हैं। वह पंजाब को ठीक कर लें। इसके बाद उन्हें दूसरा मौका नहीं मिलेगा। पंजाब की जनता भाजपा को मौका देगी।
भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में पंजाब भाजपा की बैठक हुई। बैठक में पंजाब के सामने आ रही चुनौतियों, उनके समाधान और आने वाले चुनावों को लेकर लोगों की उम्मीदों पर चर्चा हुई। हमने इस बात पर विचार किया कि पंजाब को आर्थिक और सामाजिक संकट से कैसे बाहर निकाला जाए और उसकी खोई हुई प्रतिष्ठा को कैसे बहाल किया जाए। यह तय किया गया कि पार्टी सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मकसद 'डबल-इंजन' सरकार बनाना है। अगर 'डबल-इंजन' का नारा कहीं सफल हो सकता है, तो वह पंजाब है। आज की बैठक का मुख्य उद्देश्य यही था… हमारा मकसद पंजाब में भाजपा की सरकार बनाना है।