केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय बिहार दौरे पर हैं। जहां वे सीमांचल क्षेत्र का दौरा कर भारत-नेपाल बॉर्डर सुरक्षा, घुसपैठ और जनसांख्यिकीय बदलाव पर अधिकारियों से बैठक करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन के लिए बिहार पहुंचे हैं। इस दौरान, वह बिहार के सीमांचल क्षेत्र का दौरा करेंगे। अधिकारियों के साथ बॉर्डर की सुरक्षा को लेकर बैठक करेंगे। जहां एक तरफ उनके दौरे को सत्ता पक्ष महत्वपूर्ण बता रहा है। वहीं, दूसरी ओर, विपक्ष इस दौरे को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने अमित शाह के दौरे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का खजाना खाली हो चुका है, जिन्होंने रोड और इमारतें बनाईं, उन्हें आज तक पैसा नहीं मिला। सिर्फ झांसा देकर और जुमलेबाजी से सरकार चल रही है।
राजद विधायक ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह घुसपैठियों को रोकने बिहार नहीं आ रहे हैं। मैं सचेत करता हूं कि यहां आग लगाएं नहीं, बल्कि बुझाएं। देश और बिहार में घुसपैठिए नहीं हैं।
उधर, राजद विधायक रणविजय साहू ने भी अमित शाह के दौरे पर बवाल मचाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा- अमित शाह बार-बार बिहार आएं, लेकिन यहां कुछ होने वाला नहीं है।
उन्होंने आगे कहा- भाजपा सरकार ने बिहार के युवाओं को लगातार ठगने का काम किया है। अच्छे दिन, महंगाई कम करने और विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा आज तक नहीं पूरा किया है।
राजद विधायक ने कहा- बिहार में हालात खराब हैं। यहां कानून व्यवस्था ध्वस्त है। सम्राट चौधरी को बताना चाहिए कि बिहार में इतनी हत्या क्यों हो रही है। भाजपा केवल नाम बदलने में आगे है। पटना का भी नाम बदल सकती है।
इसके अलावा, कांग्रेस विधायक कामरुल हुड्डा ने भी इस बारे में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- गृहमंत्री अमित शाह का सीमांचल और किशनगंज में स्वागत है। ये पिछड़ा इलाका है।
उन्होंने कहा- यहां आकर परियोजनाओं की सौगात दें, न कि धार्मिक उन्माद फैलाकर चले जाएं। 2025 के एसआईआर में स्पष्ट हो गया है कि किशनगंज और सीमांचल में कोई घुसपैठिया नहीं है।
वहीं, लोजपा (रामविलास) विधायक राजू तिवारी ने अमित शाह के दौरे का बचाव किया। उन्होंने कहा- गृह मंत्री अमित शाह हमेशा बिहार आते रहते हैं। इस बार अमित शाह सीमांचल के दौरे पर आ रहे हैं। बिहार आना अच्छी बात है।