राष्ट्रीय

‘भूकंप जैसा लगा, बच्चों को लेकर बाहर भागे’, हैदराबाद में भरभराकर गिरी सोसाइटी की दीवार

हैदराबाद के बंजारा हिल्स स्थित खाजा नगर बस्ती में अमृता वैली सोसाइटी की चारदीवारी तड़के करीब 4:50 बजे ढह गई। हादसे में कार, दोपहिया वाहन और एक मकान क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि दीवार की जर्जर हालत को लेकर वे कई बार शिकायत कर चुके थे।
2 min read
Sep 24, 2026
Amrutha Valley wall collapse
अमृता वैली सोसाइटी की चारदीवारी का एक हिस्सा गिरा (Photo-IANS)

Khaza Nagar Wall Collapse: बंजारा हिल्स स्थित खाजा नगर बस्ती में अमृता वैली सोसाइटी की चारदीवारी का एक हिस्सा तड़के करीब 4:50 बजे भरभराकर गिर गया। दीवार गिरने से एक कार, दोपहिया वाहन और एक रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि यह घटना भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद सिराज के पूर्व आवास के पास हुई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि दीवार की जर्जर हालत को लेकर वे संबंधित बिल्डिंग अथॉरिटी से कई बार शिकायत कर चुके थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को चार बार शिकायत की थी। इतना ही नहीं, दीवार की स्थिति का वीडियो भी बनाकर अधिकारियों को दिखाया गया था।

कब की है घटना?

घटना के बारे में जानकारी देते हुए एक व्यक्ति ने कहा कि यह घटना सुबह ठीक 4:50 बजे हुई। हमने बिल्डिंग अधिकारियों से दो-तीन बार नहीं, बल्कि चार बार शिकायत की थी। 

उन्होंने कहा कि हमारे पास वीडियो सबूत भी थे और हम खुद जाकर उन्हें दिखा चुके थे, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। आज दीवार गिरने के बाद पूरी कार क्षतिग्रस्त हो गई और मकान को भी काफी नुकसान हुआ।

'भूकंप जैसा लगा, बच्चों को लेकर बाहर भागे'

क्षतिग्रस्त मकान के मालिकने बताया कि दीवार गिरने के दौरान पूरा घर तेज झटके से हिलने लगा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो। पूरा घर हिल गया। हम सभी तुरंत जाग गए, बच्चों को उठाया और घर से बाहर भागे। बाहर आने पर देखा कि दीवार धीरे-धीरे टूटकर गिर रही थी।

उन्होंने यह भी दावा किया कि इस दीवार का एक हिस्सा 1998 में भी गिर चुका था। उनके मुताबिक, उस समय भी दीवार की सुरक्षा को लेकर चिंता सामने आई थी। अब एक बार फिर दीवार का बड़ा हिस्सा गिरने से आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दीवार गिरने से पहले उनकी शिकायतों पर कार्रवाई की जाती तो नुकसान को टाला जा सकता था। घटना के बाद बस्ती के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

Updated on:
24 Sept 2026 02:32 pm
Published on:
24 Sept 2026 02:21 pm