
पाकिस्तान के समर्थन में हो रही एक बड़ी आतंकी साजिश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ध्वस्त कर दिया है। खुफिया ब्यूरो (आईबी) की इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आतंकी मॉड्यूल को भंडाफोड़ किया।
साथ ही इस मामले में शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि इन लोगों की नजर दिल्ली के पुलिस स्टेशनों और सरकारी इमारतों पर थी। पेट्रोल बम से हमला करने की तैयारी चल रही थी, जो आईबी की सतर्कता से नाकाम हो गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के साथ मिलकर भारत में हथियार पहुंचाने का जाल बिछाया था। ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक सामग्री भेजी जा रही थी।
स्पेशल सेल की टीम ने इनकी कई बैठकें और डिजिटल संपर्क का पता लगाया। छापेमारी में हथियार, पेट्रोल बम, वाहन और पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स से जुड़े सबूत बरामद हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार, शहजाद भट्टी नेटवर्क ने कुछ युवाओं को ऑनलाइन और स्थानीय संपर्क के जरिए भड़काया। उन्हें भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया। ये लोग दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय थे।
अब पुलिस ने कहा कि ये मॉड्यूल न सिर्फ हमले की योजना बना रहे थे बल्कि हथियारों का स्टॉक भी बढ़ा रहे थे। आईबी की इनपुट्स ने समय रहते चेन को तोड़ दिया, वरना बड़े नुकसान हो सकता था।
आतंकियों की एक बड़ी रणनीति ड्रोन के जरिए सीमा पार से सामान मंगवाने की थी। पाकिस्तान के हैंडलर्स रात के अंधेरे में या मौसम का फायदा उठाकर ड्रोन उड़ाते थे। बरामद हथियारों की क्वालिटी काफी एडवांस बताई जा रही है। पुलिस अब इन हथियारों के सोर्स और रूट का पता लगा रही है।
साथ ही, जिन लोगों ने इन आतंकियों को शरण दी या मदद की, उनकी भी तलाश जारी है। यह सफलता आईबी और दिल्ली पुलिस के समन्वय की वजह से संभव हुई।
आईबी ने रियल टाइम इंटेलिजेंस शेयर किया, जिस पर स्पेशल सेल ने तुरंत एक्शन लिया। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर ने इस कार्रवाई की सराहना की और कहा कि राजधानी की सुरक्षा सबसे ऊपर है।