IMD Heat Wave Alert: उत्तर-पश्चिम भारत में 12-18 मई के दौरान अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। मध्य भारत में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
IMD Heat Wave Alert: देशभर में गर्मी ने अब अपना तेवर दिखना शुरू कर दिया है। बीते कुछ दिनों से पारा लगातार चढ़ता ही जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने लू को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान में अगले 4-5 दिनों तक भीषण लू (Severe Heat Wave) चलने की संभावना है। 12 मई से 18 मई 2026 तक पश्चिम राजस्थान के कई इलाकों में उष्ण लहर और कुछ स्थानों पर भीषण उष्ण लहर की स्थिति बनी रहेगी। पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और गुजरात-महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी लू का असर देखने को मिलेगा।
IMD के अनुसार, पश्चिम राजस्थान में 12 से 16 मई तक कुछ स्थानों पर उष्ण लहर और अलग-अलग जगहों पर भीषण उष्ण लहर चलेगी। 17 और 18 मई को भी अलग-थलग क्षेत्र में भीषण लू की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश में 12 से 18 मई तक हीटवेव की स्थिति रह सकती है। विदर्भ में 12-16 मई, मराठवाड़ा में 12-15 मई, गुजरात में 12-14 मई और मध्य महाराष्ट्र-कोंकण में भी लू के आसार हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत (राजस्थान को छोड़कर) में 12-18 मई के दौरान अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। मध्य भारत में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पूर्वी भारत में 16 मई तक 2-3 डिग्री बढ़ोतरी, उसके बाद स्थिर रहने की संभावना है। गुजरात में 14 मई तक कोई खास बदलाव नहीं, 15 से 18 मई के बीच 2-4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। महाराष्ट्र में 15 मई तक 2-3 डिग्री बढ़ोतरी, फिर स्थिर रहने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में 18 मई तक अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने का अनुमान है।
पश्चिम राजस्थान में 12-18 मई तक अलग-थलग क्षेत्र में गर्म रात और 15-16 मई को रात में अत्यधिक गर्मी की स्थितियां रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 12-15 मई तक गर्म रात की चेतावनी दी गई है।
11 मई को बाड़मेर (राजस्थान) में 47.3 डिग्री सेल्सियस का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। 12 मई को न्यूनतम तापमान की दृष्टि से पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा।
13 और 14 मई को गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव चलने की संभावना है। 15 मई को पूर्वी राजस्थान, मराठवाड़ा, विदर्भ और पश्चिम मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिम राजस्थान में हीटवेव से गंभीर हीटवेव की संभावना है। 16 से 18 मई तक भी राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश में लू जारी रहने की आशंका है। तटीय कर्नाटक में 12-13 मई को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।