राष्ट्रीय

IMD Heavy Rain Alert: आज फिर भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट, पंजाब में फसलें तबाह, वैष्णो देवी यात्रा पर नई अपडेट

IMD Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने आज देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पंजाब के लिए अगले तीन संवेदनशील हैं। यहां बाढ़ ने कहर बरपाया है।
2 min read
Aug 29, 2025
Possibility of heavy rain in many states of the country
देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना (फोटो पत्रिका)

IMD Heavy Rain Alert: देश में मानसूनी बारिश कहर बनकर बरस रही है। दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल, बिहार, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, तेलंगाना, ओडिशा में भारी बारिश का दौर जारी है। पंजाब में बाढ़ से हालात भयावह हैं। यहां सैकड़ों हेक्टेयर में लगी फसल तबाह हो गई है। आज फिर मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए रेड व येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, बागेश्वर में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही, कई स्थानों पर लैंडस्लाइड होने की भी संभावना जताई है। IMD ने हिमाचल के कांगड़ा, ऊना, मंडी, सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में इस सीजन बारिश के कारण होने वाले हादसों में 300 से अधिक जानें गई हैं। प्रदेश को 1000 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। कई सड़कें व पुल टूट चुके हैं। इससे परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है।

पंजाब और जम्मू में बारिश और लैंडस्लाइड ने मचाई तबाही

पंजाब के 7 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। लगभग डेढ़ लाख एकड़ में लगी फसल बर्बाद हो गी है। लोगों ने कहा कि 37 साल बाद बाढ़ का यह रूप देखने को मिला। हिमाचल में भारी बारिश के चलते रणजीत सागर और पौंग डैम से छोड़े जा रहे पानी के कारण बाढ़ के हालात बने। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर में बाढ़ ने विकराल रूप धारण कर लिया है। पंजाब के लिए आने वाले तीन दिन चिंताजनक बने हुए हैं। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 1 सितंबर तक भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू के कटरा में माता वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन से अब तक 35 से अधिक श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि की घायल बताए जा रहे हैं। वैष्णों देवी यात्रा को अगले तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग ने कहा हालात अब भी संवेदनशील बने हुए हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है।

एमपी में रेड अलर्ट

आज मध्य प्रदेश के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने खरगोन, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बेतूल, बालाघाट और मंडला में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही, नदी व झरनों के किनारे न जाने की सख्त हिदायत दी है। वहीं, पूर्वी तटीय राज्य ओडिशा में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा कि 29 अगस्त से 3 सितंबर ओडिशा के तटीय जिलों में तूफानी हवाएं चल सकती हैं। IMD ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी में न जाने की सख्त चेतावनी दी है। उधर, बाढ़ प्रभावित जिलों में SDRF और NDRF की टीमें तैनात की गई हैं।

बिहार में अगले तीन दिन भारी बारिश

मौसम विभाग ने कहा कि बिहार में अगले तीन दिन भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि 30 अगस्त को किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में तेज बारिश का अनुमान है। 31 अगस्त को सीवान, सारण और वैशाली में भारी बारिश की संभावना है, जबकि IMD ने 1 सितंबर को पश्चिम चंपारण और भभुआ जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है।

Updated on:
29 Aug 2025 07:47 am
Published on:
29 Aug 2025 07:47 am