
Monsoon 2026: देश के अधिकांश भागों में दक्षिण पश्चिमी मानसून सक्रिय है। अगले 3 दिन देश के मध्य हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ने और कुछ राज्यों में भारी से अतिभारी बारिश होने के संकेत मौसम विज्ञान केंद्र ने दिए हैं। देश के पूर्वी इलाकों में बना डीप डिप्रेशन यानि कम दबाव का क्षेत्र दक्षिणी झारखंड, उत्तरी उड़ीसा व छत्तीसगढ़ से होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिसके असर से राजस्थान समेत देश के 6 राज्यों में 10 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने और कुछ भागों में इस दौरान भारी से अतिभारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
कम वायुदाब क्षेत्र के असर से आज छत्तीसगढ़ और दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक में तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं 6 और 7 जुलाई को कोंकण, गुजरात राज्य और तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र में और 8 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में और 6 से 10 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 60 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजस्थान के पूर्वोत्तर भागों में मानसून सक्रिय रहा है लेकिन अब तक तेज गर्मी से बेहाल पश्चिमी भागों में भी मानसून की दस्तक आगामी दिनों में होने की उम्मीद है। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 10 जुलाई को कहीं-कहीं भारी या अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों के पूर्वानुमान के अनुसार कम वायुदाब क्षेत्र के असर से राजस्थान के पूर्वी भागों में आगामी 4-5 दिन मानसून सक्रिय रहने तथा अधिकांश भागों में हल्की-मध्यम बारिश व कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 6-9 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के उदयपुर, कोटा संभाग व आसपास के क्षेत्र में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश होने की संभावना है। 10 से 15 जुलाई के दौरान राजस्थान के ज्यादातर भागों में भारी बारिश की गतिविधियां धीमी पड़ने के आसार हैं। हालांकि जुलाई माह के दूसरे पखवाड़े में फिर से मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होने की प्रबल संभावना है।
राजस्थान में उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर व जयपुर संभाग के कुछ भागों में आज मेघगर्जन के साथ मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। आज कोटा, उदयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश होने व 7-8 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 10 जुलाई तक पूर्वोत्तर राजस्थान में बारिश का दौर सक्रिय रहने की संभावना है।