Forecast: मौसम विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तर भारत में जहां गर्मी ने दस्तक दे दी है, वहीं दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट है।
IMD Bulletin: देश भर के मौसम में अब बड़े और अचानक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) दिल्ली और पुणे की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अगले सात दिनों (19 से 25 फरवरी) में उत्तर भारत से कड़ाके की सर्दी की पूरी तरह विदाई हो रही है। वहीं, दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हाल ही में जिस पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण दिल्ली, यूपी, राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, वह अब कमजोर होकर आगे बढ़ गया है। ,
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 फरवरी से दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। अगले 24 से 48 घंटों के बाद न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 20 से 25 फरवरी के बीच इन मैदानी राज्यों में अधिकतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में भी अगले 5-7 दिनों तक मौसम पूरी तरह खुश्क रहेगा और गर्मी का अहसास बढ़ेगा। यानि अब भारी-भरकम स्वेटर पैक करने का वक्त आ गया है, क्योंकि प्री-समर (गर्मियों) ने अपनी एंट्री ले ली है।
एक तरफ जहां मैदानी इलाकों में प्री-समर आ चुका है, वहीं पहाड़ों पर अभी भी मौसम सर्द बना हुआ है। 19 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड (विशेषकर नैनीताल और देहरादून के इलाके) में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में छिटपुट बर्फबारी का अलर्ट है। मौसम विभाग का कहना है कि 22 से 24 फरवरी के बीच उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में फिर से बर्फबारी और बारिश का एक नया दौर देखने को मिल सकता है।
दक्षिण भारत और द्वीपों के लिए मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है। 19 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की चेतावनी है। इसके अलावा 21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। पूर्वी भारत की बात करें तो 23 और 24 फरवरी को पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। समंदर में ऊंची लहरें उठने की आशंका के चलते तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।