एआई समिट 2026 में जहां टेक्नोलॉजी और डिजिटल फ्यूचर पर बड़ी घोषणाएं हुईं, वहीं इंडिया यूएस ट्रेड फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के खिलाफ यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन ने राजनीतिक विवाद को नई हवा दे दी।
दिल्ली में चल रही इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में आज भारी हंगामा देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता सुरक्षा घेरा तोड़ कर अंदर घुस गए और जमकर हंगामा करने लगे। प्रदर्शनकारी हाथों में शर्ट लिए कार्यक्रम स्थल में घुस गए और पीएम मोदी और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। यह प्रदर्शन कथित तौर पर इंडिया यूएस ट्रेड डील के खिलाफ किया गया था और इस दौरान 'PM is Compromised' जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों के हंगामे से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मी तुरंत हरकत में आए और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर कार्यक्रम से बाहर कर दिया। इस घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए है जो तेजी से वायरल हो रहे है। वीडियो में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार पर अमेरिका के साथ ट्रेड डील में देशहित की अनदेखी का आरोप लगाते नजर आ रहे है।
सूत्रों के अनुसार चार लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव शामिल हैं। बताया गया कि प्रदर्शनकारी पहले से ही एआई समिट को बाधित करने की तैयारी में थे और किसी तरह हाई सिक्योरिटी वेन्यू के क्यूआर कोड हासिल कर अंदर प्रवेश कर गए। पुलिस अब फेस रिकग्निशन सॉफ्टवेयर की मदद से अन्य लोगों की पहचान कर रही है और आगे गिरफ्तारी की तैयारी है।
भारत और अमेरिका के बीच हुए नए ट्रेड फ्रेमवर्क के तहत भारत कई अमेरिकी औद्योगिक और कृषि उत्पादों पर टैरिफ घटाएगा या खत्म करेगा। इसके बदले अमेरिका भारतीय मूल के उत्पादों पर 18 प्रतिशत रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएगा, जिसमें टेक्सटाइल, लेदर, फुटवियर, केमिकल और मशीनरी जैसे सेक्टर शामिल हैं। विपक्ष का आरोप है कि इस समझौते से भारत को पर्याप्त लाभ नहीं मिला। इसी के चलते आज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज एआई समिट के दौरान प्रदर्शन किया।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस विरोध को शर्मनाक बताते हुए कहा कि जब भारत ग्लोबल टेक्नोलॉजी पावरहाउस बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब देश की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति विकास से ईर्ष्या पर आधारित है।