राष्ट्रीय

INDIA गठबंधन की बैठक खत्म, कल होगा ‘जनता का महाभियोग’ कार्यक्रम; गौरव गोगोई बोले- वोट का अधिकार बचाना जरूरी

INDIA Alliance Meeting: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन की बैठक संपन्न हुई। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने SIR, वोट चोरी के आरोपों और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे उठाए। कल होने वाले 'जनता का महाभियोग' कार्यक्रम के जरिए विपक्ष एकजुटता का संदेश देगा।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 1:12 PM IST
Congress Reaction
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई (Photo-IANS)

INDIA Bloc Meeting: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन की बैठक संपन्न हुई। बैठक के बाद कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि SIR और वोट चोरी से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर हो रहे हमले और जनता की पीड़ा को चर्चा के जरिए सामने लाना जरूरी है।

'लोकतंत्र बचाने के लिए एकजुट हैं सभी दल'

उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी दलों को जनता को यह भरोसा दिलाना चाहिए कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि कल के कार्यक्रम के जरिए विपक्षी एकता का संदेश दिया जाएगा।

वोट का अधिकार बचाना बुनियादी मुद्दा

बता दें कि शुक्रवार को इंडिया गठबंधन द्वारा  'जनता का महाभियोग' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गौरव गोगोई ने कहा कि इसके बारे में कई जानकारियां कल सामने आएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश को बचाना और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करना सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस सांसद गोगोई ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी दूसरों पर चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सवाल उठाती है, जबकि खुद पर लगे आरोपों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह कोशिश सुप्रीम कोर्ट के भीतर और बाहर, दोनों जगह की जा रही है।

मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या कहा? 

वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमारा विरोध प्रदर्शन जारी है, क्योंकि वोट चोरी हुई है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जो गड़बड़ी की है, उसके खिलाफ हम यह विरोध कर रहे हैं। सभी दल हमारा समर्थन कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को विपक्षी दलों की एक रैली आयोजित होगी, जिसमें पूरे देश से लोग आ रहे हैं। हम लड़ेंगे, क्योंकि लोकतंत्र में जब तक आप लड़ेंगे नहीं, तब तक लोग जागृत नहीं होंगे। इसीलिए हम यह सब कर रहे हैं।

कर्नाटक में एमएलसी (MLC) चुनाव के नतीजों के बारे में पूछे जाने पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हम अभी भी बैलेट पेपर (मतपत्र) की मांग कर रहे हैं। सिर्फ इसलिए कि वे जीत रहे हैं, हमें मैदान नहीं छोड़ देना चाहिए। एक समय ऐसा भी था जब वे संसद की केवल दो सीटें जीते थे। कभी-कभी ऐसा हो जाता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पार्टी की कोई पकड़ नहीं है। बीजेपी को यह अहंकार नहीं होना चाहिए कि उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। अगर ऐसा है, तो वे संसद को भंग कर दें और बैलेट पेपर से चुनाव करवा लें।

Updated on:
29 Oct 2026, 1:12 PM IST
Published on: