
India Bloc Protest: चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे इंडिया गठबंधन के कई सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए जाने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने पुलिस बस के अंदर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह विपक्ष के अन्य नेताओं के साथ दिख रही हैं, जिनमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद प्रोफेसर मनोज कुमार झा, कांग्रेस सांसद नीरज डांगी और मंसूर अली शामिल हैं। सांसदों का आरोप है कि उन्हें जबरदस्ती बसों में धकेला गया।
पुलिस बस के अंदर से सागरिका घोष ने कहा, "हम इस वक्त बस के अंदर हैं। मेरे साथ मनोज झा जी, नीरज डांगी जी और मंसूर अली जी हैं। हमें बस में ले जाया जा रहा है और हमें बिल्कुल नहीं पता कि कहां ले जा रहे हैं, खुद बस ड्राइवर को भी नहीं मालूम कि उसे कहां जाना है, लेकिन हमें डिटेन कर लिया गया है।"
सागरिका घोष ने आगे कहा, "हमें शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। हम पूरी तरह शांति से मार्च कर रहे थे, लेकिन हमें जबरन धकेलकर बस में डाला गया और अब किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया जा रहा है। हम लोकतंत्र के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे क्योंकि चुनाव आयोग द्वारा देश की जनता के वोट लूटे जा रहे हैं। ज्ञानेश कुमार नागरिकों के वोटों की लूट कर रहे हैं और जब तक भारत में लोकतंत्र बहाल नहीं हो जाता, हम चैन से नहीं बैठेंगे।"
वीडियो में बातचीत के दौरान राजद सांसद मनोज झा ने कहा, "सागरिका जी, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बारे में बात करने का कोई मतलब नहीं है। वे तो सिर्फ एक कठपुतली हैं। उस कठपुतली की डोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के हाथ में है। इनका पूरा खेल अब जनता के सामने बेनकाब हो चुका है और इन दोनों को अब सत्ता से जाना ही होगा।" इस पर सहमति जताते हुए सागरिका घोष ने भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
बस में मौजूद कांग्रेस सांसद नीरज डांगी ने कहा, "हम सभी इंडिया गठबंधन के नेताओं, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में पूरी तरह शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बावजूद हमें हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के पास कोई स्पष्ट निर्देश नहीं हैं कि बस को कहां ले जाना है। वे हमें किसी पुलिस स्टेशन ले जा रहे हैं, लेकिन हमें नहीं पता कि वह जगह कौन सी है।"
गौरतलब है कि विपक्षी सांसद SIR और चुनाव आयोग के कामकाज के विरोध में संसद भवन से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने नीति आयोग के पास बैरिकेड लगाकर मार्च को रोक दिया। इसके बाद, विपक्षी नेताओं ने उसी जगह पर धरना प्रदर्शन किया। राहुल गांधी और अन्य नेताओं के पुलिस बैरिकेड पर चढ़ने की वीडियो भी सामने आई। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में ले लिया।