
INDIA Bloc Protest: इंडिया ब्लॉक के नेताओं के प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग के सदस्य और संवैधानिक पदों पर बैठे उनके सहयोगी खुद कई बार अधिकारियों को पत्र लिखकर गड़बड़ी की शिकायत कर चुके हैं, तो यह स्पष्ट है कि कहीं न कहीं अनियमितता हुई है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ही देश के सामने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का मुद्दा उठा चुके हैं। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसके सबूत भी दिए थे। अब चुनाव आयोग के अपने ही सहयोगियों की ओर से लगाए गए आरोपों ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया है।
कांग्रेस नेता वड़िंग ने दावा किया कि चुनाव आयोग से जुड़े लोगों ने कथित अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों को बार-बार पत्र लिखे हैं। उन्होंने कहा कि अगर संवैधानिक पदों पर बैठे लोग खुद 14 बार लिखकर यह बता रहे हैं कि कुछ गलत हो रहा है, तो स्पष्ट रूप से अनियमितता है।
राजा वड़िंग ने कहा कि विवेक जोशी और सुखबीर संधू ने भी चुनाव आयोग में कथित अनियमितताओं की बात कही है। ऐसे में कांग्रेस की मांग है कि चुनाव आयोग के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार किया जाए।
INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन को लेकर राजा वड़िंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता चुनाव आयोग की ओर जा रहे हैं, लेकिन आयोग के अधिकारियों को “भगवान जैसा” सुरक्षा घेरा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के आसपास इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है कि कोई उन्हें छू तो दूर, देख भी नहीं सकता और उनके सामने नारे तक नहीं लगा सकता। राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था के जरिए रोकने की कोशिश की जा रही है।
वहीं कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने कहा कि हमें इलेक्शन कमीशन तक मार्च करने की इजाजत नहीं है, सिर्फ इसलिए क्योंकि अमित शाह ज्ञानेश कुमार को बचाना चाहते हैं क्योंकि उन्होंने अमित शाह की मदद की थी।
उन्होंने आगे कहा कि यहां पर भारी पुलिस तैनात है, जो हमें इलेक्शन कमीशन की तरफ जाने से रोक रही है। यहां तक कि इस देश के विपक्ष के नेता को भी इलेक्शन कमीशन जाने की इजाजत नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण, लोकतंत्र-विरोधी है।