
INDIA Bloc Mega Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की महारैली होने वाली है। इसको लेकर बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता सीआर केशवन ने रैली की तारीख पर सवाल उठाया है। उन्होंने इसे 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी पर आयोजित करना सिख समुदाय की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया है।
बीजेपी प्रवक्ता सीआर केशवन ने कहा कि 1984 की सिख विरोधी हिंसा की बरसी पर राहुल गांधी की रैली बेहद असंवेदनशील है। इससे पूरे सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर राहुल गांधी इस दिन रैली आयोजित कर क्या संदेश देना चाहते हैं?
BJP प्रवक्ता सीआर केशवन ने 1984 की हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस के शासनकाल में गुरुद्वारों को निशाना बनाया गया, लोगों के घर जलाए गए और सिख समुदाय के 1,000 से अधिक निर्दोष लोगों की जान चली गई थी।
इस दौरान बीजेपी प्रवक्ता केशवन ने कांग्रेस पर जानबूझकर इस तारीख को रैली आयोजित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस दिन रैली करना सिख समुदाय के जख्मों को कुरेदने जैसा है। कांग्रेस पार्टी को इसके लिए शर्म आनी चाहिए।
केशवन ने राहुल गांधी से सवाल किया कि 1984 की दर्दनाक घटना की बरसी पर राजनीतिक रैली आयोजित करने के पीछे उनकी मंशा क्या है? उन्होंने कांग्रेस पर सिख समुदाय की भावनाओं और संवेदनाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि वे जो कुछ भी कर रहे हैं, वह लोकतंत्र का मजाक उड़ाने जैसा है। कांग्रेस पार्टी का अब लोकतांत्रिक प्रक्रिया के मूल सिद्धांतों में कोई विश्वास नहीं रह गया है। उन्हें न तो संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा है और न ही देश की संसद पर।
उन्होंने कहा कि कल आपने देखा कि उन्होंने एक 'मॉक पार्लियामेंट' (प्रतीकात्मक संसद) का आयोजन किया। यह जनता का अपमान है। वे केवल देश को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
बीजेपी सांसद ने कहा कि मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और पूरा देश यह सब देख रहा है। मेरा मानना है कि ऐसा वे अपनी हताशा और निराशा के कारण कर रहे हैं, क्योंकि जनता ने उन्हें नकार दिया है।