India vs Pakistan T20 match: भारत और पाकिस्तान के बीच ICC Men's T20 World Cup 2026 मैच से पहले राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। सलमान खुर्शीद ने देशभक्ति को केवल भावनाओं से नहीं जोड़ने की बात कही, जबकि राशिद अल्वी ने पाकिस्तान के साथ मैच खेलने का विरोध जताया।
IND vs Pak Match: भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का मैच खेला जाएगा। इससे पहले नेताओं की बयानबाजी भी शुरू हो गई है। दरअसल, भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर हमेशा राजनीतिक बहस तेज होती है। इसी बीच कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि देश की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए, इसमें कोई संदेह नहीं है, लेकिन केवल आंखें बंद कर लेने या दिमाग का उपयोग न करने से देशभक्ति साबित नहीं होती।
सलमान खुर्शीद ने कहा कि नेतृत्व का मतलब सिर्फ जनता की भावनाओं के पीछे चलना नहीं होता, बल्कि जिम्मेदारी के साथ निर्णय लेना भी होता है। उनके अनुसार लोकतंत्र में नेता का कर्तव्य है कि वह जनता की भावनाओं को समझे, लेकिन साथ ही विवेकपूर्ण फैसला भी करे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में भागीदारी का निर्णय केवल भावनात्मक आधार पर नहीं, बल्कि व्यापक राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर होना चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बांग्लादेश चुनाव परिणाम पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम पड़ोसी देश के साथ अच्छे रिश्ते चाहते हैं। हमने बांग्लादेश की आज़ादी में बड़ी भूमिका निभाई थी। हमें उम्मीद है कि बांग्लादेश सबको साथ लेकर चलने वाली और सेक्युलर डेमोक्रेसी को सपोर्ट करेगा।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी का भी बयान सामने आया है। उन्होंने इस मैच का विरोध किया है। अल्वी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। एक तरफ वे लोग आकर हमारे देश में आतंक फैलाते हैं, उनके साथ जंग होती है और दूसरी तरफ आप उनके साथ क्रिकेट मैच खेल रहे हैं। कोई भी खेल दोस्तों के साथ खेला जाता है। दुश्मनों के साथ खेल नहीं खेले जाते हैं।
बता दें कि वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच खेलने का विरोध किया था। लेकिन बाद में टीम इंडिया के साथ मैच खेलने के लिए हामी भर ली। हालांकि पहले एशिया कप में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ नहीं मिलाया था। इस पर भी उस समय काफी राजनीतिक बहस हुई थी।