पाकिस्तान द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम पड़ोसी देश में हुए मस्जिद बम धमाके की निंदा करते हैं और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।
Islamabad Shia mosque blast: पाकिस्तान में इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती हमले को लेकर भारत पर लगे आरोपों को भारत ने खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने पड़ोसी देश द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद और निरर्थक बताया है। MEA ने कहा कि इस तरह के आरोप लगाकर पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है।
पाकिस्तान द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम पड़ोसी देश में हुए मस्जिद बम धमाके की निंदा करते हैं और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। भारत इस हमले में अपनी किसी भी तरह की संलिप्तता के आरोपों को पूरी तरह खारिज करता है। पाकिस्तान को दूसरों पर दोष मढ़ने के बजाय अपनी घरेलू समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
बता दें कि भारत का यह बयान पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद आया है। मंत्री आसिफ ने बिना किसी सबूत के भारत और अफगानिस्तान को हमले से जोड़ने की कोशिश की थी। सोशल मीडिया पोस्ट में आसिफ ने दावा किया कि हमलावर अफगानिस्तान आता-जाता रहा है और इसमें भारत-अफगान गठजोड़ की भूमिका है।
वहीं पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के राज्य मंत्री तल्लाल चौधरी ने कहा कि हमलावर अफगान नागरिक नहीं था, लेकिन फॉरेंसिक जांच में उसके अफगानिस्तान आने-जाने के संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा, “ये आतंकी धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि पैसों के लिए हमले कर रहे हैं।”
बता दें कि इस हमले में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 169 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, इस हमले की पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने कड़ी निंदा की है। ईरान, अमेरिका और ब्रिटेन समेत कई देशों ने भी घटना की आलोचना की है।