
India US trade: अमेरिकी दूतावास के उप मिशन प्रमुख जेसन मीक्स ने 19 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित 23वें भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन में कहा कि भारत और अमेरिका निष्पक्ष, पारस्परिक और दोनों पक्षों के लिए लाभकारी व्यापार संबंध बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा आयोजित 23वें इंडो-यूएस इकोनॉमिक समिट में बोलते हुए, मीक्स ने कहा, हमने काफी प्रगति की है, और यह प्रगति केवल वस्तुओं के व्यापार से कहीं आगे तक जाती है। हमारे दोनों देश ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, महत्वपूर्ण खनिजों, उन्नत तकनीक और विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) के क्षेत्रों में साझेदारी कर रहे हैं।
उन्होंने याद दिलाया कि इस साल की शुरुआत में नई दिल्ली और वाशिंगटन ने 'पैक्स सिलिका डिक्लेरेशन' (Pax Silica Declaration) पर हस्ताक्षर किए थे। उन्होंने इसे 'एक ऐतिहासिक समझौता' बताया, जिससे अमेरिकी और भारतीय कंपनियों के लिए सीमाओं के पार मिलकर काम करना आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के उद्यमियों और निर्माताओं की अगली पीढ़ी को नए विचारों को बाजार में लाने के लिए सशक्त बनाएगा।
भारतीय उद्योग की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय निर्माता इस दिशा में पहले से ही खुद को भरोसेमंद और कुशल साझेदार साबित कर रहे हैं। उन्होंने कहा,"ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स से लेकर फार्मास्यूटिकल्स और इलेक्ट्रॉनिक्स तक, भारतीय कंपनियां हमारी वैश्विक सप्लाई चेन का एक अहम हिस्सा बन रही हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अमेरिकी कंपनियां "तकनीक, पूंजी और विशेषज्ञता" ला रही हैं, जिससे ये सप्लाई चेन और अधिक मजबूत हो रही हैं।
व्यापार के मुद्दे पर, मीक्स ने जोर देकर कहा कि, बाजार तक निष्पक्ष पहुंच दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद होती है। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों को ऐसा माहौल बनाना चाहिए जहां अमेरिकी सप्लायर और तकनीक भारतीय निर्माताओं और उपभोक्ताओं तक आसानी से पहुंच सकें, और जहां भारतीय कंपनियाँ "अमेरिकी बाजारों में निष्पक्ष रूप से प्रतिस्पर्धा कर सकें।
आपसी सहयोग को और गहरा करने की संभावनाओं की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, अभी भी बहुत सी संभावनाओं को सामने लाना बाकी है। जैसे-जैसे हम व्यापार की बाधाओं को कम करते जाएँगे और हर क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे, हम एक ऐसा भविष्य बना पाएँगे जो हम सभी के लिए स्वतंत्र, खुला, मजबूत और समृद्ध होगा।