Nithya Raman: केरल के तमिल परिवार में 28 जुलाई 1981 को जन्मीं नित्या रमन की हर तरफ चर्चा हो रही है। इसकी वजह है कि…
Los Angeles Mayor Race Nithya Raman: अमेरिका के मशहूर शहर लॉस एंजिल्स में मेयर पद की दौड़ में भारतीय मूल की नित्या रमन मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। प्रगतिशील सोच, हाउसिंग-गवर्नेंस सुधार जैसे मुद्दों पर फोकस के कारण वह चर्चा में हैं। उनकी तुलना न्यूयॉर्क के भारतीय मूल के मेयर ममदानी से भी हो रही है:
केरल के तमिल परिवार में 28 जुलाई 1981 को जन्मीं रमन 6 साल की उम्र में परिवार के साथ अमेरिका के लुइसियाना चली गईं। 22 साल की उम्र में उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिली। उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल थ्योरी में ग्रेजुएशन किया। मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से अर्बन प्लानिंग में मास्टर्स किया। भारत आकर उन्होंने चेन्नई में स्वच्छता सुधार से जुड़ा एक रिसर्च संगठन भी शुरू किया था।
2013 में लॉस एंजिल्स आने के बाद उन्होंने शहर को करीब से जाना। 2017 में उन्होंने एक संगठन बनाया जो बेघर लोगों की मदद और समाज में जागरूकता बढ़ाता है। वह टाइम्स अप एंटरटेनमेंट की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी रहीं जो मनोरंजन उद्योग में लैंगिक समानता और कार्यस्थल पर उत्पीड़न के खिलाफ काम करता है। उनके पति टीवी लेखक-प्रोड्यूसर वाली चंद्रशेखरन हैं।
रमन ने 2020 में पहली बार चुनावी राजनीति में कदम रखा। लॉस एंजिल्स सिटी काउंसिल के चुनाव में काउंसिल सदस्य डेविड रयू को हराया। वह सिटी काउंसिल में चुनी जाने वाली पहली साउथ एशियन और एशियन-अमरीकन महिला बनीं। 2024 में दोबारा चुनी गईं। वह शहर की फोर्थ डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिसमें हॉलीवुड, सिल्वर लेक, लॉस फेलिज जैसे इलाके शामिल हैं।
अब मेयर पद के लिए उनके अभियान का मुख्य फोकस सस्ते घर, बेहतर सिटी सर्विस और आर्थिक सुधार पर है। वह मानती हैं कि लोगों को बेहतर और जवाबदेह प्रशासन मिलना चाहिए। इन्हीं मुद्दों की वजह से उनकी तुलना न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी से हो रही है। उन्होंने मौजूदा मेयर करेन बैस के इनसाइड सेफ प्रोग्राम की आलोचना भी की है, जो बेघर लोगों को अस्थायी आवास में शिफ्ट करने से जुड़ा है।