
देश में मौसम लगातार खराब होता जा रहा है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की वजह से रेलवे ने शुक्रवार को 315 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इनमे से 268 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि 47 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। खराब मौसम को देखते हुए 13 ट्रेनों को रिशिड्यूल किया गया है। साथ ही भारतीय रेलवे ने 19 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर उन्हें नए रेल मार्ग से चलाने का आदेश जारी किया है। रेलवे के आदेशानुसार, रद्द होने वाली इन ट्रेनों में पैसेंजर, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इस आदेश की वजह से जम्मू, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और प. बंगाल का रेल यातायात अधिक प्रभावित होगा। नई दिल्ली आने-जाने वाली लंबी दूरी की कई रेलगाड़ियों को शुक्रवार को रद्द किया गया है।
कैंसिल हुई प्रमुख ट्रेनों के नाम
आज जो प्रमुख ट्रेनें कैंसिल हुई हैं उनमें एक्सप्रेस जींद दिल्ली जंक्शन, सुपरफास्ट चंडीगढ़, सुपरफास्ट अमृतसर जंक्शन- चंडीगढ़, नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस कामाख्या- आनंद विहार टर्मिनल, डबल डैकर एसी लखनऊ- आनंद विहार टर्मिनल, डबल डेकर एसी आनंद विहार, लिच्छवी एक्सप्रेस सीतामढ़ी, ऊंचाहार एक्सप्रेस प्रयागराज संगम-चंडीगढ़, एक्सप्रेस स्पेशल पठानकोट, विक्रमशिला एक्सप्रेस आनंद विहार टर्मिनल- भागलपुर और अमृतसर जंक्शन और अजमेर के बीच चलने वाली कई रेल गाडयां शामिल हैं।
10 घंटे की देरी से चल रही हैं कई ट्रेनें, यात्री परेशान
इसके अलावा कोहरे की वजह से कई ट्रेनें 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। देर से चलने वाली इन ट्रेनों में राजधानी समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। ट्रेन का सफर करने वाले यात्री एक तरफ तो कोहरा और सर्दी तो दूसरी तरफ ट्रेन के लेट होने से काफी परेशान हैं।
आईएमडी का अगले 24 घंटे शीत लहर का अलर्ट
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ-साथ राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ में अगले 24 घंटों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। स्काईमेट के उपाध्यक्ष मौसम विज्ञान महेश पलावत ने एक ट्वीट में कहा, दिल्ली-एनसीआर पालम हवाईअड्डे पर घने कोहरे के कारण सुबह छह बजे विजिबिलिटी घटकर 150 मीटर रह गई। 08.30 बजे 300 मीटर तक सुधार हुआ। रनवे 28 की 1400 मीटर और रनवे 29 की 1200 मीटर विजिबिलिटी दर्ज की गई। आईएमडी ने अपने लेटेस्ट अपडेट में कहा कि, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों और पंजाब और हरियाणा में भी कुछ स्थानों पर कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी रहेगी।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के मानक को जानें
शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 और 100 संतोषजनक, 101 और 200 मध्यम, 201 और 300 खराब, 301 और 400 बहुत खराब, और 401 और 500 गंभीर माना जाता है।