
Jawaharlal Nehru Letter: इंदिरा गांधी को आयरन लेडी कहा जाता था। बड़ी से बड़ी मुश्किलों का डट कर सामना करना, बेझिझक कठिन निर्णय लेना उन्हें बखूबी आता था। इंदिरा गांधी का बचपन आजादी की लड़ाई के बीच गुजरा। पिता जवाहरलाल नेहरू का साथ उनके लिए किसी मेहमान की तरह था। क्योंकि उनका अधिकांश समय पार्टी के कामकाज में या फिर जेल में गुजरता। हालांकि, जब भी उन्हें पिता के साथ रहने का मौका मिलता, वह पूरा समय उन्हीं का होता। नेहरू उस वक्त सबकुछ भूल जाया करते। जेल से जवाहरलाल नेहरू इंदिरा गांधी को पत्र लिखा करते और परिवार से संवाद का यही एकमात्र जरिया था। पिता के पत्र इंदिरा गांधी को हर परिस्थिति में मजबूत बने रहने की प्रेरणा देते। इंदिरा गांधी के 13वें जन्मदिन - भारतीय पंचांग के अनुसार 26 अक्टूबर 1930 - जवाहरलाल ने उन्हें जेल से एक पत्र लिखा, जिसके हर एक शब्द को इंदिरा ने अपने जीवन का हिस्सा बना लिया।
इंदिरा गांधी पर लिखी गई किताब ‘Indira Gandhi: A Biography’ By Pupul Jayakar में इसका जिक्र किया गया है। जवाहरलाल नेहरू ने लिखा, ‘जब कभी तुम्हें किसी बात को लेकर संदेह हो, तो कभी भी कोई ऐसा काम छिपकर मत करना, जिससे तुम्हारे उद्देश्य को ठेस पहुंचे या हमारे लोगों का अपमान हो। साहसी बनो, बाकी सब अपने आप हो जाएगा। डरना अच्छी बात नहीं है। कभी भी कोई काम चोरी-छिपे या गुप्त रूप से मत करना। यदि तुम मेरी बातों पर अमल करोगी, तो मेरी प्यारी बच्ची, बड़ी होकर प्रकाश की भांति चमकोगी। तुम निडर, शांत और हर परिस्थिति में अविचलित रहोगी। तुम्हारा सौभाग्य है कि तुम्हें इस देश में चल रहे स्वतंत्रता के इस महान संघर्ष को देखने का अवसर मिल रहा है। यह भी सौभाग्य तुम्हारा है कि तुम्हारी मां इतनी साहसी और अद्भुत महिला हैं। यदि कभी तुम किसी दुविधा या परेशानी में पड़ो, तो उनसे बेहतर मित्र तुम्हें कोई नहीं मिल सकता।‘
एक वक्त ऐसा भी आया जब इंदिरा की मां कमला नेहरू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। एक बच्ची, घर में अकेली, माता-पिता दोनों जेल में, किसी के लिए भी डराने वाला था। कमला नेहरू इंदिरा को लेकर बेहद चिंतित थीं, लेकिन उन्हें मन ही मन यह भरोसा भी था कि इंदिरा इस मुश्किल परिस्थिति को संभाल लेंगी। इंदिरा गांधी की बायोग्राफी के अनुसार, 1930 की नववर्ष की पूर्व संध्या पर इंदिरा आनंद भवन में अपनी मां के साथ अकेली थीं। दोनों टेनीसन की कविता 'इन मेमोरियम' पढ़ रही थीं कि तभी टेलीफोन की घंटी बजी। फोन पर चेतावनी दी गई कि कमला को अगले दिन गिरफ्तार किया जा सकता है। घर में मां-बेटी के अलावा कोई और नहीं था। मां की गिरफ्तारी के बाद इंदिरा अकेली रह जातीं, लेकिन उस समय चिंता करने या इस बारे में सोचते रहने की गुंजाइश नहीं थी। इंदिरा ने अपनी मां के लिए सामान बांधा, जबकि कमला ने पूरी रात स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश देने, आगे की रणनीति बनाने और आनंद भवन के कामकाज को सुचारु रूप से चलाने की व्यवस्था करने में बिताई। इंदिरा बिल्कुल भी आशंकित नहीं थीं, बल्कि उन्हें गर्व था कि मां देश के लिए जेल जा रही हैं। बेटी की आंखों में अपने लिए सम्मान देखकर कमला भावुक हो गईं। उन्हें महसूस हुआ कि उनके रिश्तों में अब एक ऐसा बदलाव आने वाला है, जिसे टाला नहीं जा सकता।
लखनऊ जेल में रहते हुए कमला नेहरू ने जवाहरलाल नेहरू को पत्र लिखा, ‘जब मुझे गिरफ्तार किया गया, तो मुझे इंदुजी (इंदिरा गांधी) की चिंता हो रही थी। मैं सोच रही थी कि वह अकेले अपना ख्याल कैसे रखेंगी। लेकिन अब मुझे कुछ तसल्ली है कि वह अपना ध्यान खुद रख सकती हैं। उन्होंने मुझसे वादा किया है कि वह खुश रहेंगी और अपना ख्याल रखेंगी’। कमला नेहरू ने इंदिरा गांधी को भी एक पत्र लिखा। उनका ये पत्र एक ऐसी मां की चिंताओं से भरा था, जिसकी बेटी ने अभी-अभी किशोरावस्था में कदम रखा था। उन्होंने लिखा, कृपया मुझे अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या के बारे में बताना। अपनी पढ़ाई की अर्द्धमासिक रिपोर्ट अपने शिक्षक से लिखवाकर पिताजी को भेजना। उम्मीद है, तुम्हें वे बातें याद होंगी, जो मैंने घर से निकलते समय तुमसे कही थीं। जब भी मैं बैरक के बाहर टहलने निकलती हूं, तुम्हारा ख्याल आता है। तुम्हें भी हर दिन टहलने जरूर जाना चाहिए। जब मैं रिहा हो जाऊंगी, तो हम दोनों साथ टहलने जाएंगे। इसमें अभी छह महीने लगेंगे, लेकिन ये छह महीने हम दोनों को पता भी नहीं चलेंगे और बीत जाएंगे’।
इंदिरा गांधी को जीवन में एक बड़ा झटका तब लगा जब उनके दादा मोतीलाल नेहरू का देहांत हुआ। 6 फरवरी, 1930 को मोतीलाल नेहरू का लखनऊ में निधन हुआ। इंदिरा का अपने दादा के प्रति अथाह प्रेम था। वे हमेशा उनकी रक्षा करते। जब उनके माता-पिता उन्हें डांटते थे, तो वे ढाल बनकर खड़े हो जाते। वे उनकी छोटी-छोटी परेशानियां सुनते और हंसकर उन्हें दूर भी कर देते। इंदिरा की असुरक्षा और उथल-पुथल से भरी दुनिया में मोतीलाल नेहरू एक मजबूत सहारे की तरह थे। जब दादा के निधन की खबर मिलती, तो इंदिरा गांधी टूट गईं। आनंद भवन में एक खंभे के पीछे छिपकर वह खूब रोईं। दुख से उनका यह पहला परिचय था। वे पहली बार ऐसी भावनात्मक पीड़ा से गुजर रही थीं, जिससे वे पहले कभी परिचित नहीं थीं।
बचपन के हालातों ने इंदिरा गांधी को सख्त बनाया और मुश्किलों का हंसते हुए सामना करने की ताकत दी। कठिन परिस्थितियों में भी वह आगे बढ़ती रहीं। आपातकाल लगाने का फैसला उनके राजनीतिक जीवन के लिए अच्छा नहीं रहा। आम चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा, कई राज्यों में कांग्रेस की सरकारों को बर्खास्त कर दिया गया। वह निराश हुईं, लेकिन टूटी नहीं। खुद को समेटा, पूरी ताकत लगाई और एक बार फिर देश का नेतृत्व किया। इसीलिए उन्हें आयरल लेडी कहा जाता था।