
Indonesia Ferry Fire: इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार सुबह समुद्र में बड़ा हादसा हो गया। करीब 250 से अधिक यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को लेकर जा रहे एक क्रूज में भीषण आग लग गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। आग लगते ही क्रूज पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए गहरे समुद्र में छलांग लगा दी। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
समाचार एजेंसी एएफपी ने खोज एवं बचाव अधिकारियों के हवाले से बताया कि रविवार को समुद्री यात्रा के दौरान 250 से अधिक लोगों को ले जा रहे एक इंडोनेशियाई क्रूज में आग लग गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं।
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी बसर्नास (Basarnas) के अनुसार, क्रूज के कप्तान ने पूर्वी जावा के दूसरे सबसे बड़े शहर सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासार के लिए रवाना होने के दौरान आग लगने की सूचना दी। सुराबाया खोज एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख नानंग सिगिट ने बताया कि आसपास से गुजर रही कई नौकाएं तत्काल बचाव अभियान में शामिल हो गईं।
जकार्ता ग्लोब के अनुसार, नानंग सिगिट ने कहा कि टीबी हसनूर-26, ब्रिटिश मेंटर और केएमपी मुटियारा सेंटोसा-2 जहाज से कूदे यात्रियों को सुरक्षित निकालने में मदद कर रहे हैं। फिलहाल चार नौकाएं घटनास्थल पर बचाव कार्य में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि खोज एवं बचाव पोत एसएआर-249 परमादी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुका है, लेकिन वहां पहुंचने में उसे लगभग छह घंटे लगने का अनुमान है।
घटनास्थल पर खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि क्रूज में आग किस कारण से लगी। यह हादसा मदुरा द्वीप के पास हुआ, जो जावा के उत्तर-पूर्वी तट पर स्थित है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रह है कि आग पूरे क्रूज में फैल गई है और उसके ऊपरी डेक से घना काला धुआं उठ रहा है। लाइफ जैकेट पहने यात्री जहाज के एक हिस्से में एकत्र नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग आग से बचने के लिए समंदर में छलांग लगाते भी दिखाई दे रहे हैं।