राष्ट्रीय

पत्नी से विवाद के बीच IPS भानू प्रताप सिंह पर कार्रवाई, खगड़िया SP पद से हटाए गए, शैलेन्द्र सिंह को मिली कमान

IPS Bhanu Pratap Singh: बिहार में IPS भानू प्रताप सिंह को खगड़िया SP पद से हटा दिया गया है। उन्हें पटना पुलिस मुख्यालय बुलाया गया है। पत्नी की ओर से गंभीर आरोप लगाने और धरना देने के बीच यह बदलाव हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 9:30 PM IST
ips Bhanu Pratap Singh news
आईपीएस भानू प्रताप सिंह परिवार सहित (फोटो- X post/@ladduu143)

Bhanu Pratap Singh Transfer: पत्नी से विवाद को लेकर IPS भानू प्रताप सिंह को खगड़िया पुलिस अधीक्षक (SP) पद से हटा दिया गया है। बिहार में पत्नी से विवाद को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं। भानू प्रताप सिंह को अब पुलिस मुख्यालय पटना बुलाया गया है। भानू प्रताप सहित बिहार में चार अधिकारियों का तबादला किया गया है।

इसमें अपराजीत, शैलेन्द्र सिंह, मोहम्मद मोहिबुल्लाह अंसारी और कुमारी ममता कल्याणी शामिल हैं। इनमें से शैलेन्द्र सिंह को खगड़िया का नया SP नियुक्त किया गया है।

खगड़िया में अब नहीं संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

भानू प्रताप सिंह अब खगड़िया जिले की पुलिस की कमान नहीं संभालेंगे। उन्हें जिले के SP पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय पटना से संबद्ध किया गया है। यानी अब उनके पास किसी जिले की सीधी जिम्मेदारी नहीं रहेगी। वहीं, शैलेन्द्र सिंह को खगड़िया जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। भानू प्रताप सिंह के तबादले की चर्चा उनकी पत्नी के धरने और शिकायत के बाद से तेज थी।

2016 में हुई थी भानू प्रताप और पूजा की शादी

भानू प्रताप सिंह और पूजा सिंह की शादी साल 2016 में हुई थी। पूजा के मुताबिक, उस समय भानू प्रताप सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और उनके पास कोई नौकरी नहीं थी। पूजा ने उस दौर में उनका साथ देने का फैसला किया था। बाद में भानू प्रताप सिंह का चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में हुआ। वह 2021 बैच के अधिकारी हैं और खगड़िया के SP की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

पति और ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप

पूजा सिंह ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने महिला थाने में आवेदन देकर पुलिस से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। पूजा का आरोप है कि उनके पति उन्हें छह साल की बेटी से बात नहीं करने दे रहे हैं और बेटी से मिलने भी नहीं दिया जा रहा। इसी मांग को लेकर वह पटना में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठी थीं।

तलाक नहीं, पति और बेटी के साथ रहना चाहती हैं पूजा

इस विवाद के बीच पूजा सिंह ने स्पष्ट कहा है कि वह तलाक नहीं चाहतीं। उनकी इच्छा है कि पति और बेटी के साथ फिर से घर बसाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर उनके पति उनकी बात समझने को तैयार होते हैं तो वह अपनी पुलिस शिकायत वापस लेने के लिए भी तैयार हैं। पूजा चाहती हैं कि उनकी बेटी को माता-पिता दोनों का साथ मिले और परिवार फिर से एक हो सके।

Updated on:
4 Nov 2026, 9:30 PM IST
Published on:
Also Read
View All