राष्ट्रीय

ईरान युद्ध के बीच भारत के लिए Good News, LPG लेकर होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे 2 और जहाज

ईरान-इजरायल के बीच जारी जंग की वजह से दुनिया के कई देशों में होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते से होने वाली गैस-तेल की सप्लाई बाधित हुई है। ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच भारत के 2 और जहाज LPG लेकर होर्मुज स्ट्रेट से निकल गए हैं।
2 min read
Mar 23, 2026
Indian ships passed through Strait of Hormuz
भारतीय जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे। (Image- IANS)

Iran–Israel Conflict: ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच भारत के लिए राहत की खबर आई है। होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से 2 और भारतीय जहाज LPG लेकर सुरक्षित रूप से निकल गए हैं। जहाज ट्रैकिंग डेटा और सूत्रों के अनुसार, जग वसंत और पाइन गैस नामक जहाज ईरान की अनुमति मिलने के बाद रणनीतिक महत्वपूर्ण जलमार्ग होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे हैं। इन दोनों जहाजों पर LPG लोड है।

शाम तक ओमान की खाड़ी पहुंचेंगे जहाज

भारतीय जहाज जग वसंत और पाइन गैस, सोमवार तड़के संयुक्त अरब अमीरात के तट से LPG लेकर रवाना हुए थे। ये जहाज केशम और लारक द्वीपों के पास ईरान के तट के निकट पहुंचे हैं। इन जहाजों ने ट्रैकिंग सिस्टम में भारतीय स्वामित्व का संकेत दिखाकर सतर्कता बरती, जो इस संवेदनशील क्षेत्र के लिए एहतियाती कदम है। यदि दोनों जहाजों की यात्रा बिना रुकावट के जारी रही तो दोनों जहाज आज शाम तक ओमान की खाड़ी पहुंच सकते हैं। बता दें कि सामान्यता होर्मुज स्ट्रेट को परी तरह से पार करने में करीब 12 से 14 घंटे का समय लगता है।

इस महीने में 2 अन्य भारतीय जहाज भी होर्मुज स्ट्रेट से गुजरे

भारतीय जहाज जग वसंत और पाइन गैस LPG लेकर भारत आ रहे हैं। इसके पहले भी 2 भारतीय जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट से गुजर चुके हैं। इससे पहले LPG से लोड भारतीय ध्वज वाले 2 जहाज शिवालिक और नंदा देवी ने सफलतापूर्वक होर्मुज स्ट्रेट पार किया था। ये दोनों जहाज इसी महीने भारत पहुंच चुके हैं। इन दोनों जहाजों में प्रत्येक में करीब 46,000 मीट्रिक टन LPG थी।

होर्मुज स्ट्रेट से भारतीय जहाजों का आवागमन कूटनीतिक सफलता

ईरान-इजरायल संघर्ष बीच भारतीय जहाजों का सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट क्रॉस करना बडड़ी कूटनीतिक सफलता मानी जा रही है। संघर्ष के समय ईरान ने भारत, चीन और कुछ अन्य चुनिंदा देशों के जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट क्रॉस करने की अनुमति दी है। हालांकि, पश्चिमी देशों से जुड़े जहाजों पर सख्त प्रतिबंध हैं। बता दें कि 22 भारतीय जहाज अभी भी खाड़ी में फंसे हैं, जिनमें LPG, LNG और क्रूड ऑयल लोड है। भारत सरकार नौसेना और कूटनीतिक प्रयासों से इनकी सुरक्षित निकासी सुनिश्चित कर रही है।