केरल का एक परिवार समेत 8 भारतीय करचारी एयरपोर्ट पर फंस गए हैं। इससे उनके घर वालों की चिंता बढ़ गई है।
Iran-Israel War: मध्य एशिया में जारी संघर्ष का सबसे अधिक असर हवाई यातायात पर पड़ा है। मिडिल ईस्ट होकर गुजरने वाली सारी फ्लाइटें कैंसिल कर दी गईं है। एयरस्पेस बंद होने के चलते एक फ्लाइट को पाकिस्तान के कराची एयरपोर्ट पर लैंड करना पड़ा। इसमें 8 भारतीय भी सवार थे। इनमें से तीन केरल से हैं।
केरल के अधिकारियों ने कहा कि पालक्काड के कृष्णदास, उनकी पत्नी डॉ रेश्मी मेनन और उनकी तीन साल की बेटी स्मृति मेनन इस फ्लाइट में सवार थे। परिवार अजरबैजान के बाकू से कुवैत जा रहा रहा था। एयर अरेबिया की इस फ्लाइट को कराची में आपाताकालीन स्थिति में लैंड कराया गया है।
कराची एयरपोर्ट पर फंसे यात्री अभी भी अपनी अगली यात्रा का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि खाड़ी देशों के लिए उड़ानें प्रभावित रह रही हैं। नोर्का रूट्स ने बताया है कि वे भारत के विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं और यात्रियों को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए प्रयासरत हैं।
केरल के अधिकारियों ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच कोई सीधी फ्लाइट नहीं होने के चलते कराची से भारत आने के लिए कोलंबो रूट पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों के मध्य एशिया में फंसे होने के कारण एक हेल्प डेस्क भी शुरू किया गया है। ताकि उन्हें जरूरी मदद और जानकारी मिल सके। यह कदम फंसे हुए लोगों की सुरक्षा और सहज आवागमन सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
इधर, अकासा एयर ने मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात को देखते हुए अपनी कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से रोकने या रद्द करने का फैसला किया है। सोमवार को एयरलाइन ने इसके बारे में एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। मिडिल ईस्ट में चल रहे हालात की वजह से अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद आने-जाने वाली सभी अकासा एयर फ्लाइट्स 3 मार्च 2026 के लिए सस्पेंड कर दी गई हैं। एयरलाइन ने यह भी कहा कि जैसे ही हालात सामान्य होंगे, फ़्लाइट्स का स्टेटस अपडेट किया जाएगा।
7 मार्च 2026 तक इन शहरों के लिए या इन शहरों से की गई सभी बुकिंग के लिए यात्री या तो पूरा रिफंड ले सकते हैं या बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अपनी यात्रा को रीशेड्यूल कर सकते हैं। अकासा एयर ने यात्रियों से रिक्वेस्ट की है कि वे एयरपोर्ट पर जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर लें।