राष्ट्रीय

इराक के पीएम अली अल-जैदी ने अमेरिकी सेना को देश छोड़ने का दिया अल्टीमेटम, ग्रीन जोन इलाके में घुसा टैंक, कई नेता गिरफ्तार

इराक के नए पीएम जैदी ने अमेरिकी सेना को देश छोड़ने का अल्टीमेटम दिया है। ग्रीन जोन इलाके में टैंक दाखिल हुए हैं।
2 min read
Jun 28, 2026
Ali Al-Zaidi
इराक के नए प्रधानमंत्री अली अल जैदी (फोटो- ANI)

इराक की राजधानी बगदाद में ग्रीन जोन में इराकी बख्तरबंद गाड़ियों दाखिल हुई है। सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें सामने आ रही है कि सुन्नी नेता मुथन्ना अल समरई समेत कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक यह कार्रवाई इराक के नए प्रधानमंत्री अली अल जैदी की देखरेख में चल रही भ्रष्टाचार की जांच का हिस्सा मानी जा रही है। वहीं, इराक के नए पीएम जैदी ने अमेरिकी सेना को सितंबर तक देश छोड़ने का अल्टीमेटम दिया है। ग्रीन जोन इलाके में टैंक दाखिल हुए हैं।

मीडिल ईस्ट पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट अब्दुल सलीम सालेह ने ट्वीट किया है कि इराक के ग्रीन जोन में गोलीबारी हुई है। कई हाईप्रोफाइल लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वॉशिंगटन पोस्ट के बगदाद ब्यूरो रिपोर्टर मुस्तफा सलीम के अनुसार, बगदाद के सुरक्षित 'ग्रीन जोन' में इराकी स्पेशल फोर्स की भारी तैनाती की खबर है और इस इलाके को बंद कर दिया गया है। सलीम ने बताया कि भ्रष्टाचार के आरोपों में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की गिरफ्तारी की खबरें आ रही हैं।

एक्स यूजर अबूतालिब ने लिखा कि इस ऑपरेशन को इराकी काउंटर टेररिज़्म सर्विस (CTS) और इराकी सेना की 9वीं डिवीजन ने अंजाम दिया है। उन्होंने लिखा कि इन कार्रवाइयों का मकसद बगदाद के सुरक्षित जोन में रहने वाले पार्टी नेताओं, सांसदों और राजनेताओं के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट को लागू करना है।

नए प्रधानमंत्री के आदेश पर भ्रष्टाचार रोधी अभियान तेज

इराक में बीते कुछ दिनों से भ्रष्टाचार रोधी अभियान तेज हो गया है। अब तक करोड़ों डॉलर की राशि जब्त की जा चुकी है। इराक की सुप्रीम ज्यूडिशियल काउंसिल ने मंगलवार को बताया कि तेल मंत्रालय में रिफाइनिंग मामलों के अंडरसेक्रेटरी अदनान अल-जुमैली से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में जब्त की गई नकदी की राशि बढ़कर करीब 86 मिलियन डॉलर हो गई है।

अधिकारियों ने इस मामले में 70 प्रॉपर्टी, 21 वाहन और लगभग तीन किलोग्राम सोने के गहने भी जब्त किए हैं। न्यायपालिका के अनुसार, ये फंड उन परियोजनाओं में हुए अनियमितताओं से जुड़े थे जिन्हें अल-जुमैली और उनके सहयोगियों ने संचालित किया था।

इराकी नॉर्थ रिफाइनरीज कंपनी प्रमुख को किया गिरफ्तार

बीते दिनों इराकी नॉर्थ रिफाइनरीज कंपनी के प्रमुख अल जुमैली को 30 मई को बगदाद के उत्तर में अल इशाकी शहर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। इराक के नए प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने कुछ दिनों पहले ठेकों में भ्रष्टाचार की जांच के आदेश दिए थे। सुप्रीम ज्यूडिशियल काउंसिल ने यह भी बताया कि अल-जुमैली के गृह प्रांत सलाह अल-दीन के पूर्व गवर्नर राएड अल-जुबौरी को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के समय अल-जुबौरी उस प्रांत में स्वास्थ्य विभाग के निदेशक थे।


Updated on:
28 Jun 2026 08:58 am
Published on:
28 Jun 2026 08:56 am