IRCTC ने नई सेवा लॉन्च की है, जिससे यात्री 25 ट्रेनों में खाना और पानी ऑनलाइन बुक कर सीट तक मंगवा सकते हैं। यह सुविधा टिकट बुकिंग के दौरान या बाद में वेबसाइट और ऐप से उपलब्ध है।
Indian Railway New Service: भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने ‘ई-पैंट्री’ सर्विस लॉन्च की है। इस नई सुविधा के तहत अब यात्री 25 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में ऑनलाइन खाना और पानी पहले से बुक कर सकते हैं। खास बात यह है कि ऑर्डर किया गया खाना सीधे आपकी सीट तक पहुंचाया जाएगा।
यह सुविधा उन ट्रेनों के लिए उपलब्ध है, जिनमें टिकट के साथ खाना शामिल नहीं होता। IRCTC, जो भारतीय रेलवे का कैटरिंग, टूरिज्म और ऑनलाइन टिकटिंग विभाग है, इस कदम के जरिए यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना चाहती है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ई-पैंट्री सेवा का उद्देश्य है यात्रियों की सुविधा बढ़ाना और तकनीक के जरिए यात्रा को और बेहतर बनाना।
ई-पैंट्री सर्विस का उपयोग करना बेहद आसान है। यह IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप दोनों पर उपलब्ध है। जिन यात्रियों का टिकट कन्फर्म, RAC या आंशिक कन्फर्म है, वे टिकट बुक करते समय या बाद में “बुक टिकट हिस्ट्री” सेक्शन में जाकर स्टैंडर्ड मील और पैकेज्ड पानी (Rail Neer) पहले से ऑर्डर कर सकते हैं।