
ISIS Terror Network: दिल्ली में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के लिए युवाओं को तैयार करने वाले एक आरोपी को दोषी करार दिया है। उस पर आरोप है कि वह युवाओं को कट्टरपंथ की राह पर ले जाने और उन्हें भारत के खिलाफ हिंसक गतिविधियों में शामिल करने के लिए तैयार करता था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच में सामने आया कि आतंकी संगठन ISIS भारत में युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़ने के लिए ऑनलाइन पहचान का सहारा ले रहा था। इस मामले में दिल्ली की विशेष NIA अदालत ने आरोपी तौहीद लतीफ सोफी को पांच साल की कठोर कैद की सजा सुनाई है।
NIA की ओर से रविवार को जारी बयान के मुताबिक, तौहीद लतीफ सोफी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया था। इसके बाद अदालत ने उसे पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही 12 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इस मामले में अब तक पांच आरोपी अपना जुर्म कबूल करने के बाद दोषी ठहराए जा चुके हैं। बाकी आरोपियों के खिलाफ अदालत में सुनवाई जारी है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, ISIS ने भारत में युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और उन्हें भारतीय व्यवस्था के खिलाफ हिंसक जिहाद के लिए तैयार करने की साजिश रची थी। इसके लिए संघर्ष वाले इलाकों में सक्रिय ISIS के आतंकियों और भारत में मौजूद उसके सदस्यों ने मिलकर एक नेटवर्क बनाया था। इस नेटवर्क के लोग इंटरनेट पर फर्जी पहचान बनाकर संगठन से जुड़ी प्रचार सामग्री फैलाते थे।
NIA की जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क से जुड़े लोग ISIS की भारत केंद्रित ऑनलाइन मैगजीन 'सौत-अल-हिंद' (वॉयस ऑफ हिंद) की सामग्री तैयार करने, उसमें बदलाव करने और उसे इंटरनेट पर फैलाने में शामिल थे। इसके अलावा भारतीय युवाओं को सीरिया, इराक, अफगानिस्तान और दूसरे संघर्ष वाले इलाकों में भेजने के लिए भी उकसाया जाता था। ISIS की भाषा में इसे 'हिजरत' कहा जाता है।
NIA ने जांच के दौरान बड़ी मात्रा में डिजिटल सामग्री और दस्तावेज जब्त किए। इनमें मैगजीन की PDF फाइलें, मारे गए आतंकियों के पोस्टर, कट्टरपंथी साहित्य, ISIS के प्रचार से जुड़े इंटरनेट लिंक, संगठन के झंडे वाली टी-शर्ट, चैट और हथियार खरीदने से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग शामिल थीं। इसके अलावा मीडिया और मनोवैज्ञानिक प्रचार से जुड़ी सामग्री तथा ISIS के बैनर और झंडे भी बरामद किए गए।