राष्ट्रीय

JPSC-JSSC Protest: झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार को घेरा, बोले- ‘इन आंसुओं की कीमत चुकानी होगी’

Student Protest in Jharkhand: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन जारी है। आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार से CBI जांच की मांग की, वहीं JDU ने आंदोलन को जन आंदोलन बताया।
2 min read
• •
Updated: 9 Aug 2026, 12:36 PM IST
Student Protest Ranchi.
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ (Photo- ANI)

Jharkhand Students Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। ऐसे में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से मुलाकात की। छात्रों से मुलाकात के बाद झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जमकर घेरा। उन्होंने झारखंड सरकार से CBI जांच की मांग की।

छात्रों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए झारखंड बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा, 'बच्चों की आंखों से आंसू बह रहे थे। ये सिर्फ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के आंसू नहीं हैं, बल्कि झारखंड के लाखों छात्रों के आंसू हैं। हेमंत सोरेन सरकार को इन आंसुओं की कीमत चुकानी होगी… JMM को इन आंसुओं की कीमत चुकानी होगी। राहुल गांधी को मुख्यमंत्री से बात करनी चाहिए। अगर उनमें हिम्मत है तो मुख्यमंत्री आवास के बाहर छात्रों के समर्थन में धरने पर बैठना चाहिए। उन्हें स्पष्ट रूप से कहना चाहिए कि या तो झारखंड सरकार CBI जांच कराए, नहीं तो वह इस सरकार से अपना समर्थन वापस ले लें।'

'झारखंड के लोग कह रहे राहुल गांधी लापता हैं'

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने छात्रों से मुलाकात के बाद कहा कि यदि राहुल गांधी में थोड़ी भी नैतिकता बची है, तो उन्हें रांची और झारखंड आना चाहिए। वे यहां आएं और मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठें। झारखंड के लोग कह रहे कि राहुल लापता हैं।

उन्होंने यह भी कहा, 'अगर राज्य सरकार में जरा भी नैतिकता होती, तो मुख्यमंत्री को पहले ही दिन यहां आकर छात्रों की मांग मान लेनी चाहिए थी और CBI जांच स्वीकार कर लेनी चाहिए थी। CBI जांच कराने में आखिर आपत्ति क्या है? मैं राहुल गांधी को चुनौती देता हूं कि अगर उनमें जरा भी नैतिकता बची है, तो उन्हें रांची आना चाहिए। लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उनके दोहरे मापदंड हैं।'

छात्रों का अभियान जन आंदोलन में बदल गया: JDU

JDU ने भी हेमंत सोरेन सरकार को निशाने पर लिया है। JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने रविवार को कहा, 'छात्रों का यह अभियान पूरी तरह जन आंदोलन में बदल गया है। झारखंड में परीक्षाओं और नौकरियों को लेकर लोगों के बीच यह धारणा बढ़ रही है कि मेहनत या योग्यता के आधार पर नौकरी नहीं मिलती, बल्कि अगर पैसे दिए जाएं तो अपनी पसंद की नौकरी हासिल की जा सकती है।' उन्होंने कहा, 'हेमंत सोरेन को आगे आना चाहिए और इस पूरे मामले को खत्म करना चाहिए।'

JDU प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के रुख पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि छात्रों के जारी प्रदर्शन के मुद्दे पर उनकी कथित उदासीनता समझ से परे है।

आपको बता दें कि छात्रों का प्रदर्शन 14वीं JPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम 5 जुलाई को घोषित होने के बाद शुरू हुआ था। अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। इसके बाद से छात्र भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं।

Updated on:
9 Aug 2026, 12:36 PM IST
Published on: