राष्ट्रीय

‘हकीकत में सब महंगा सी’, जयराम रमेश ने महंगाई के मामले पर साधा पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना

Jairam Ramesh's Post: महंगाई के मामले में जयराम रमेश ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। क्या कहा कांग्रेस नेता ने? आइए जानते हैं।
2 min read
Sep 14, 2026
Jairam Ramesh
जयराम रमेश (Photo - ANI)

कांग्रेस (Congress) नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश (Jairam Ramesh) समय-समय पर पीएम नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और बीजेपी (BJP) पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ते। अब देश में महंगाई के मामले में रमेश एक बार फिर आक्रामक अंदाज़ में नज़र आ रहे हैं और उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

"हकीकत में सब महंगा सी"

रमेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "अभी जारी हुए आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि लगातार चार महीनों से WPI (थोक मूल्य सूचकांक) आधारित महंगाई करीब 10% के आसपास बनी हुई है। सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे करोड़ों परिवारों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।"

"मुश्किलें और बढ़ाने वाली बात यह है कि CMIE के आंकड़ों के मुताबिक, महंगाई के हिसाब से एडजस्ट की गई मजदूरी में भी लगातार गिरावट आ रही है और अप्रैल से अब तक इसमें 5.7% की कमी आई है। ग्रामीण भारत में इसमें भारी 9% की गिरावट दर्ज की गई है। यहाँ तक कि अगर महंगाई के असर को छोड़ दे, तब भी ग्रामीण मजदूरी घटी है।"

"प्रधानमंत्री लगातार कहते रहते हैं - सब चंगा सी, लेकिन हकीकत में सब महंगा सी।"

जुलाई के मुकाबले अगस्त में सभी कमोडिटीज़ के लिए बढ़ी महंगाई

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2026 में सभी कमोडिटीज़ के लिए थोक मूल्य सूचकांक (WPI) 110.8 रहा और सालाना थोक महंगाई दर (YoY) बढ़कर 9.92% हो गई। यह आंकड़ा जुलाई 2026 के मुकाबले थोड़ी बढ़ोतरी दिखाता है, जब मुख्य थोक महंगाई दर 9.78% थी। साथ ही सभी कमोडिटीज़ का सूचकांक पिछले महीने के 110.0 से थोड़ा बढ़कर ऊपर गया। कीमतों में यह बढ़ोतरी प्रमुख औद्योगिक और ऊर्जा क्षेत्रों में कीमतों के दबाव को दर्शाती है। इस बढ़ोतरी में ईंधन और बिजली सबसे आगे रहे, जिनकी सालाना महंगाई दर जुलाई के 20.05% से बढ़कर अगस्त में 22.93% हो गई।

प्राथमिक वस्तुओं में कम हुई महंगाई, मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स हुए महंगे

इसके विपरीत प्राथमिक वस्तुओं (प्राइमरी आर्टिकल्स) में नरमी देखी गई और महंगाई दर पिछले महीने के 8.52% से घटकर 7.76% हो गई। इसी अवधि में मैन्युफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स (निर्मित उत्पादों) की महंगाई दर 8.29% से थोड़ी बढ़कर 8.37% हो गई।