राष्ट्रीय

‘हमलावर खबरदार’ से तिरंगे तक, CM उमर अब्दुल्ला ने PoJK के हालात पर कही बड़ी बात

Independence Day: स्वतंत्रता दिवस पर श्रीनगर में सीएम उमर ने ध्वजारोहरण किया वहीं, शोपियां के छोटीपारा में लश्कर के एक आतंकी के माता-पिता ने घर पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति का जज्बा दिखाया।
2 min read
Independence Day 2026
सीएम उमर ने किया ध्वजारोहण, शोपियां में लश्कर आतंकी के माता-पिता ने भी लहराया तिरंगा, photo source@ANI

जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को श्रीनगर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं, लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकवादी आबिद रमजान शेख के माता-पिता ने शोपियां के छोटीपोरा स्थित अपने घर पर तिरंगा फहराया। सीएम उमर ने एलओसी के पार के हालातों पर चिंता जताई।

एलओसी के पार हालात दर्दनाक

सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू और कश्मीर (PoJK) में हुए घटनाक्रम से उन्हें एहसास हुआ कि 80 साल पहले जिन नेताओं ने फैसले लिए थे, वे सही थे। उन्होंने कहा कि लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पार के हालात "दर्द, अफसोस और गहरी परेशानी" लाते हैं।
उन्होंने कहा, "जब मैं आज बॉर्डर और लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पार उनके मौजूदा हालात को देखता हूं, तो मुझे एहसास होता है कि 80 साल पहले हमारे नेताओं ने हमारे लिए जो फैसला लिया था, वह वाकई सही था। जिन्होंने 'हमलावर खबरदार' का नारा लगाया था, वे सही थे और उन्होंने जो कुर्बानी दी, वह पूरी तरह से सही थी।"

सीएम उमर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के उस हिस्से में रहने वाले लोग उनके अपने हैं और उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में उनके लिए सीटें रिजर्व की गई हैं। उन्होंने डेमोक्रेसी और फेडरलिज्म के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि डेमोक्रेसी की रक्षा करना और हर हाल में उसे मजबूत करना देश की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

आतंकी के घर पर तिरंगा फहराया

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज जम्मू-कश्मीर से एक खास तस्वीर भी सामने आई है। लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय आतंकवादी आबिद रमजान शेख के माता-पिता ने शोपियां के छोटीपोरा स्थित अपने घर पर तिरंगा फहराया। छोटीपोरा इलाके में एक आतंकी के परिवार ने अपने घर पर शान से तिरंगा फहराया है। माता-पिता के चेहरे पर देश के लिए गर्व और स्वाभिमान की झलक साफ नजर आई है।

लश्कर आतंकी है आबिद रमजान शेख

आबिद रमजान शेख लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर है और उसके निर्देश पर कई बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। उसके खिलाफ साल 2022 में जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान की हत्या में शामिल होने के आरोप लगे थे। पुलिस के अनुसार, इस अपराध को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने अंजाम दिया था और आबिद रमजान शेख के निर्देश पर ही यह हमला किया गया था।

Updated on:
15 Aug 2026 01:43 pm
Published on:
15 Aug 2026 01:05 pm