
Jitan Ram Manjhi on Tejashwi Yadav: जमुई में छात्रा से बदसलूकी के मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव बिहार और उत्तर प्रदेश के हर यादव को अपना भाई बताते हैं। मांझी ने तंज कसते हुए कहा कि जमुई में लड़की से बदसलूकी और वीडियो बनाने वाले भी उन्हीं ‘भाइयों’ में से हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव से अपने ‘भाइयों’ को सचेत करने की बात कही है। मांझी ने कहा कि सम्राट चौधरी की सरकार किसी को बख्शने वाली नहीं है।
जीतन राम मांझी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा हम बोलते नहीं, करके दिखलाते हैं। उन्होंने कहा कि जमुई मामले की जानकारी अब सभी को हो गई होगी। इसके बाद उन्होंने तेजस्वी यादव के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि वह बिहार और उत्तर प्रदेश के हर यादव को अपना भाई बताते रहे हैं।
मांझी ने आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हीं ‘भाइयों’ में से कुछ ने जमुई में लड़की से बदसलूकी की और उसका वीडियो बनाया। उन्होंने दावा किया कि ऐसा सरकार को बदनाम करने के लिए किया गया। मांझी ने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव अब कहेंगे सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया। मांझी ने कहा कि सम्राट चौधरी की सरकार किसी को बख्शने वाली नहीं है। उन्होंने इसे सम्राट का सुशासन बताया है।
जमुई मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, नंदन को मड़वा पहाड़ी इलाके में घेरा गया था। उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई। पुलिस का कहना है कि नंदन ने वहां से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उसे रोकने के लिए गोली चलाई।
गोली नंदन यादव के पैर में लगी। इसके बाद वह वहीं गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल ले गई। इस मामले में दूसरा आरोपी हरेराम फरार बताया जा रहा है।
छात्रा के साथ बदसलूकी की यह घटना 19 सितंबर की शाम मड़वा पहाड़ी के पास हुई थी। आरोप है कि कुछ लोगों ने छात्रा के साथ बदसलूकी की। घटना का वीडियो भी बनाया गया था। बताया जा रहा है कि मुंह पर गमछा बांधकर छात्रा को उठाकर जंगल की तरफ ले जाने की कोशिश करने वाला आरोपी नंदन यादव था। इसी मामले में उसे मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और उनकी तलाश शुरू की थी।