
Jamui Girl Molestation Case:छात्रा के साथ बदसलूकी और शर्मनाक हरकत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर किया है। यह एनकाउंटर जमुई जिले में ही हुआ। पुलिस ने नंदन यादव को गोली मारी, जो उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल ले गई।
बताया जा रहा है कि छात्रा के साथ बदसलूकी करने वालों में नंदन यादव सबसे आगे था। उसी ने छात्रा के साथ बेहद शर्मनाक हरकत की थी। घटना के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में कुल 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इनमें से 3 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। इसके बाद पुलिस मुख्य आरोपी नंदन यादव की तलाश में जुटी थी। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि नंदन जमुई में ही कहीं छिपा हुआ है।
नंदन यादव को इस मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस जानकारी जुटाते हुए उसके ठिकाने मड़वा पहाड़ी पहुंची। वहां पुलिस ने नंदन को चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी गई। पुलिस का कहना है कि नंदन ने इस दौरान वहां से भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई। गोली नंदन यादव के पैर में लगी। गोली लगने के बाद वह वहीं गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल ले गई। वहीं, इस मामले में दूसरा आरोपी हरेराम फरार बताया जा रहा है।
बता दें कि 19 सितंबर की शाम इसी मड़वा पहाड़ी के पास छात्रा के साथ बदसलूकी हुई थी। जिस इलाके में छात्रा के साथ घटना हुई थी, पुलिस ने उसी इलाके में नंदन यादव को पैर में गोली मारी। बताया जा रहा है कि मुंह पर गमछा बांधकर छात्रा को उठाकर जंगल की तरफ ले जाने की कोशिश करने वाला आरोपी नंदन यादव ही था। छात्रा के साथ बदसलूकी और शर्मनाक हरकत करने के मामले में उसे मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
इस मामले पर बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अश्वमेध देवी ने कहा कि प्रशासन अपना काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि वीडियो जारी करने वाले व्यक्ति समेत 120 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ेगी।