राष्ट्रीय

‘नीतीश कुमार के खिलाफ भी बोलते रहे’, अनंत सिंह की विधायकी खत्म कराने के लिए स्पीकर से मिले जदयू प्रदेश अध्यक्ष

JDU Action Against Anant Singh: JDU प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की है। उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधियों के सबूत सौंपने का दावा करते हुए कहा कि अनंत सिंह पर जल्द कार्रवाई होगी।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 3:07 PM IST
Anant Singh MLA News
मोकामा विधायक अनंत सिंह (फोटो- IANS)

Anant Singh MLA Membership: अनंत सिंह को पार्टी से निकालने के बाद अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द करने के लिए बड़ा कदम उठा लिया है। जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह की पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात करने पहुंचे थे और इस मामले में सभी सबूत सौंप दिए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष से मिले उमेश कुशवाहा

उमेश कुशवाहा का कहना है कि अनंत सिंह की पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उनको और उनकी पत्नी नीलम देवी को जेडीयू से निकाला गया था। अब अनंत सिंह की विधायकी रद्द करने के लिए उनके खिलाफ शिकायत लेकर विधानसभा अध्यक्ष से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उस समय विधानसभा अध्यक्ष मौजूद नहीं थे। ऐसे में उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के सचिव से मुलाकात की और मामले से जुड़े सबूत सौंपे।

अनंत सिंह पर होगा क्विक एक्शन

पत्र देने के बाद मीडिया से बात करते हुए उमेश कुशवाहा ने बताया कि अनंत सिंह पर जल्द ही विधानसभा अध्यक्ष द्वारा एक्शन लिया जाएगा। उनके बयान से स्पष्ट है कि जेडीयू इस मामले को लेकर विधानसभा स्तर पर कार्रवाई की मांग कर रही है। हालांकि, अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने का अंतिम फैसला संवैधानिक प्रक्रिया के तहत ही लिया जाएगा।

JDU में हो रही खिंचातान

अनंत सिंह को पार्टी से निकाले जाने के बाद पार्टी में बवाल मच गया है। पार्टी का एक पक्ष अनंत सिंह पर हुई इस कार्रवाई को सही ठहरा रहा है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि पार्टी ने गलत फैसला लिया है। जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक और नेता चंदन सिंह ने पार्टी के इस कदम को सही ठहराया है। वहीं, जेडीयू के पूर्व विधानपरिषद सदस्य वाल्मीकि सिंह ने अनंत सिंह का समर्थन किया है। वाल्मीकि सिंह का कहना है कि नीतीश कुमार के जाने के बाद पार्टी में उनके समर्थकों को धीरे-धीरे हटाया जा रहा है। पार्टी का यह कदम गलत था।

जन सुराज उम्मीदवार का किया था प्रचार

उमेश कुशवाहा के मुताबिक, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की विधानपरिषद सीट पर जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन अनंत सिंह ने उनका समर्थन करने के बजाय जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के लिए प्रचार किया। पार्टी इस कदम से नाराज थी। इसके अलावा उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अनंत सिंह लगातार पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ बयान देते रहे हैं।

Updated on:
26 Oct 2026, 3:07 PM IST
Published on: