
Jensen Huang: अमेरिकी सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता चुक श्यूमर ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर तीखा हमला बोला है। श्यूमर ने आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रंप को एक साल पहले भी एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग के कथित संबंध के बारे में जानकारी दी गई थी, लेकिन ट्रंप ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की।
चुक श्यूमर ने आरोप लगाया कि वह हुआंग को अपने साथ बीजिंग ले गए। यहां ट्रंप ने हुआंग की सलाह पर चीन को अमेरिकी एआई चिप्स तक पहुंच प्रदान की। उन्होंने एनवीडिया से 2.5 करोड़ डॉलर का चंदा भी लिया। श्यूमर ने कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े मामले में व्हाइट हाउस को तुरंत जवाब देना चाहिए।
इस मामले में न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी संसद के निचले सदन की विदेश मामलों की समिति के तीन डेमोक्रेटिक सांसदों ने भी सवाल उठाएं हैं। रोड आइलैंड के गैबे अमो, न्यूयॉर्क के ग्रेगरी मीक्स और कैलिफोर्निया की सिडनी कमलागर-डोव ने ट्रंप प्रशासन में वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक से एडवांस्ड एआई चिप्स के निर्यात की नीति पर जवाब मांगा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के संस्थापक व CEO जेन्सेन हुआंग का बचाव किया है। ट्रंप ने उन्हें सम्मानित इंसान बताया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हुआंग को इस कंपनी के प्रमुख पद पर बने रहना चाहिए। हुआंग पर उस महिला के साथ संबंध बनाने के आरोप हैं, जिन पर अमेरिका में चीन के लिए जासूसी करने का शक है।
एनवीडिया ने अपने बयान में कहा कि बोर्ड एक स्वतंत्र जांच शुरू कर रहा है, क्योंकि हाल की रिपोर्टों में कहा गया है कि संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग को विदेशी खुफिया प्रयास का निशाना बनाया गया। बोर्ड के लिए अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा सर्वोपरि है।
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, जेन्सन हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे आंतरिक संदेश में अपनी गलती मानी। उन्होंने लिखा कि मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की। मेरे कार्यों से उन्हें और हमारे बच्चों को दुख पहुंचा। इसका कोई बहाना नहीं है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी हैं और उन्हें चीनी खुफिया एजेंसी ने काम पर रखा था। मेगास्पीड ने एनवीडिया के उपकरण खरीदे और दक्षिण-पूर्व एशिया में डेटा सेंटर बनाए, जिनसे चीनी कंपनियों को सेवाएं मिलती थीं। इनमें अलीबाबा भी शामिल है।
खुफिया मामलों की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया गया है कि वह चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय के लिए काम कर रही थीं। उन्हें एनवीडिया की अत्याधुनिक एआई तकनीक की जानकारी जुटाने और बीजिंग तक तकनीक पहुंचाने में मदद करने का निर्देश था।
एक अन्य रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि वाणिज्य विभाग ने ऐसी संस्थाओं को एडवांस्ड एआई हार्डवेयर भेजने के लाइसेंस मंजूर किए, जिनका संबंध बीजिंग से था। इनमें सैन्य ठेकेदार और ब्लैकलिस्ट की गई कंपनियां भी बताई गई हैं।