राष्ट्रीय

कल रिटायर हो रहे झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक, एक दिन पहले पूर्व जजों ने कहा- वह सुप्रीम कोर्ट के हकदार थे

Jharkhand Chief Justice Retires: झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक 27 नवंबर को रिटायर होंगे। जस्टिस अभय एस ओका ने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट में जगह नहीं मिलना पूरे देश का नुकसान है।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 6:48 PM IST
Jharkhand Chief Justice Retires
झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक। फोटो- Wikipedia/ANI

झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एमएस सोनक 27 नवंबर को रिटायर होने जा रहे हैं। करीब 13 साल तक न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं देने वाले जस्टिस सोनक के रिटायरमेंट से पहले उनके साथी जजों ने बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने कहा है कि जस्टिस सोनक को सुप्रीम कोर्ट में जगह मिलनी चाहिए थी। उन्हें देश की सबसे बड़ी अदालत में नहीं भेजा जाना सिर्फ न्यायपालिका के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए नुकसान है।

काम करने के तरीके की हुई तारीफ

वहीं, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस अभय एस ओका और महाराष्ट्र के पूर्व एडवोकेट जनरल दारियस खंबाटा ने जस्टिस सोनक की कानूनी समझ और काम करने के तरीके की जमकर तारीफ की। दोनों ने बताया कि कानून के बुनियादी सिद्धांतों और संविधान की गहरी जानकारी रखने वाले जस्टिस सोनक सुप्रीम कोर्ट के योग्य थे।

'सुप्रीम कोर्ट में नहीं जाना देश का नुकसान'

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अभय एस ओका ने जस्टिस एमएस सोनक को संविधान और कानून का गहरा जानकार बताया। उन्होंने कहा कि संविधान से जुड़े मामलों में उनकी जानकारी का मुकाबला बहुत कम लोग कर सकते हैं।

जस्टिस ओका ने कहा कि जस्टिस सोनक बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा बेंच में प्रैक्टिस करने वाले सबसे सफल और प्रतिष्ठित वकीलों में शामिल थे। इसके बावजूद उन्होंने वकालत छोड़कर न्यायाधीश बनने का फैसला किया।

किस फैसले को पढ़ने लायक बताया गया?

जस्टिस ओका को उम्मीद थी कि जस्टिस सोनक सुप्रीम कोर्ट पहुंचेंगे और गोवा से देश की सर्वोच्च अदालत में नियुक्त होने वाले पहले जज बनेंगे, पर ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि जस्टिस सोनक इस पद के पूरी तरह योग्य थे।

उन्होंने मई 2014 में मतदाता सूची से जुड़े एक मामले में जस्टिस सोनक के फैसले का भी जिक्र किया। यह मामला लोकसभा चुनाव के लिए तैयार मतदाता सूची को चुनौती देने वाली याचिका से जुड़ा था। जस्टिस ओका ने इस फैसले को पढ़ने लायक बताया।

वकीलों के सामने भी नहीं बदला था जस्टिस सोनक का अंदाज

जस्टिस सोनक की पहचान शांत स्वभाव के साथ मजबूती से अपनी बात रखने वाले न्यायाधीश की रही है। करीब एक दशक पहले बॉम्बे हाईकोर्ट के पूर्व जज जस्टिस वीएम कनाडे ने उनसे जुड़ा एक किस्सा साझा किया था।

जस्टिस कनाडे ने बताया था कि एक बार कुछ वकील उनके साथी जज जस्टिस सोनक के निजी चैंबर में पहुंचे और उनके बारे में अपमानजनक बातें करने लगे। इस पर जस्टिस सोनक ने तुरंत वकीलों को रोक दिया और उन्हें चैंबर से बाहर जाने का आदेश दिया।

एक वकील ने जाते-जाते उन्हें धमकी भी दी, लेकिन जस्टिस सोनक अपने फैसले पर अडिग रहे। इस घटना ने उनके निडर और मजबूत व्यक्तित्व को दिखाया था।

गोवा में हुई पढ़ाई, 1988 में शुरू की वकालत

जस्टिस एमएस सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को हुआ था। उन्होंने गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाई स्कूल से पढ़ाई की। इसके बाद धेंपे कॉलेज से विज्ञान में स्नातक और एमएस कॉलेज ऑफ लॉ से कानून की डिग्री हासिल की। उन्होंने पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी किया।

अक्टूबर 1988 में महाराष्ट्र और गोवा बार काउंसिल में वकील के रूप में उनका नाम दर्ज हुआ। उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट की पणजी बेंच में वकालत शुरू की। सिविल, संवैधानिक, श्रम, पर्यावरण, टैक्स और कंपनी कानून के मामलों में उन्होंने काम किया। वह केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्थायी वकील और गोवा सरकार के विशेष वकील भी रहे।

2013 में बने जज, 2026 में झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस

जस्टिस सोनक को 21 जून 2013 को बॉम्बे हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 2 मार्च 2016 को वह स्थायी जज बने। इसके बाद 2 जनवरी 2026 को उन्हें झारखंड हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया। उन्होंने 9 जनवरी को पद की शपथ ली।

उनकी सेवानिवृत्ति से पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत और सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम से नए चीफ जस्टिस की नियुक्ति की सिफारिश जल्द करने का आग्रह किया था।

Updated on:
26 Nov 2026, 6:48 PM IST
Published on: