
Jharkhand Accident News: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। हादसा रांची-पटना हाईवे पर उस समय हुआ, जब बिहार के नालंदा जिले से श्रद्धालुओं को लेकर राजरप्पा जा रही स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मृतकों में चार बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना शनिवार रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे-33 पर हुई। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। सभी बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव के रहने वाले थे और राजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान वाहन हादसे का शिकार हो गया।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में मदद की। उन्होंने क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से लोगों को बाहर निकालने और घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घायल व्यक्ति को रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत को लेकर फिलहाल डिटेल जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे में जान गंवाने वालों में पांच पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। इस दुर्घटना के बाद मृतकों के गांव में शोक का माहौल है।
झारखंड में ऐसा ही एक हादसा कुछ दिनों पहले भी हुआ था। एक महीने से भी कम समय पहले खूंटी जिले में भी भीषण सड़क दुर्घटना हुआ था। 5 नवंबर को कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने लोगों के एक समूह को कुचल दिया था। इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी, जिनमें चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे।