राष्ट्रीय

झारखंड भर्ती घोटाले पर गरजे बाबूलाल मरांडी, बोले- CBI जांच के बिना नहीं मिलेगा न्याय

Ranchi Student Protest: झारखंड विधानसभा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भर्ती परीक्षा कथित अनियमितता की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होने आंदोलनकारी छात्रों की मांगों को जायज बताया।
2 min read
Aug 05, 2026
Jharkhand Recruitment Exam Scam
झारखंड विधानसभा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की सीबीआई जांच की मांग, phot source@ANI

Jharkhand Recruitment Scam: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की। करीब 15 मिनट तक छात्रों से बातचीत के बाद उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सड़क से लेकर सदन तक उनके साथ खड़ी रहेगी।

'यह सिर्फ पेपर लीक नहीं, नौकरियां बेचने का मामला'

मरांडी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि झारखंड में यह केवल पेपर लीक का मामला नहीं, बल्कि नौकरियां बेचने का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती समेत कई परीक्षाओं में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। उनके अनुसार, सिर्फ 14वीं जेपीएससी परीक्षा ही नहीं, बल्कि पिछले छह वर्षों में आयोग द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग है कि विवादित परीक्षाओं को रद्द कर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए और इससे कम पर वे तैयार नहीं हैं। भाजपा भी इस मांग का समर्थन करती है और विधानसभा के मानसून सत्र में इस मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाएगी। मरांडी ने आरोप लगाया कि उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा और जेएसएससी की कुछ परीक्षाओं में चुनिंदा अभ्यर्थियों को पहले से प्रश्न और उत्तर याद कराए गए थे।

परीक्षा प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल

उन्होंने दावा किया कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा में लंबे समय तक कट-ऑफ अंक सार्वजनिक नहीं किए गए और बाद में जारी कट-ऑफ ने चयन प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े कर दिए।

नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी के अध्यक्ष, सचिव तथा परीक्षा नियंत्रक को तत्काल हटाया जाए। साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

सरकार पर छात्रों की उपेक्षा का आरोप

बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर छात्रों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार बारिश के बावजूद छात्र कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने उनसे संवाद करने या उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कोई गंभीर पहल नहीं की। इस दौरान भाजपा के कई विधायक और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Updated on:
05 Aug 2026 08:25 pm
Published on:
05 Aug 2026 08:25 pm